फतेहपुर में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत, CCTV खंगाल रही है पुलिस
Fatehpur Accident: करनपुर मोड़ के पास सामने से आ रही चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के असोथर रोड में अज्ञात वाहन ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दिया। टक्कर मारते ही बाइक सवार रोड के किनारे जा गिरे। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाते हुए चार पहिया वाहन मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थरियांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर गंभीर हालत में चोटिल दोनों नव युवकों को सदर अस्पताल भेजा। यहां पर डॉक्टरों की टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
असोथर थाना क्षेत्र में पांच दिवसीय रामलीला का आयोजन चल रहा था। समूचे गांव में हंसी-खुशी का माहौल था, लेकिन पंकज यादव और शुभम मौर्य की मौत की सूचना ने सबके दिलों को झकझोर दिया। शाम ढलते ही रामलीला के आयोजन के लिए गांव में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो रही थी।
अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
यहां पर शुभम और पंकज भी कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए एकत्रित हुए थे। दोनों मित्र किसी काम को लेकर थरियांव कस्बे के लिए मोटरसाइकिल में सवार होकर निकले थे। करनपुर मोड़ के पास सामने से आ रही चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद वाहन चालक रात्रि का फायदा उठाकर फरार हो गया। नौ बजे क्षेत्रीय लोगों को दुर्घटना की जानकारी होने पर घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोटिल शुभम मौर्य और पंकज यादव को 108 एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टरों की टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। पुलिस में बताया कि दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर वाहन का पता लगाकर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा।