Ram Navami 2024: कानपुर में आज जगह-जगह निकलेंगी शोभायात्राएं, सुबह से बदला रहेगा यातायात, ये रहेगी व्यवस्था
Kanpur News: रामनवमी पर बुधवार को रामलला मंदिर रावतपुर से निकाली जाने वाली शोभायात्रा के चलते यातायात में बदलाव किया गया है। यातायात विभाग के मुताबिक यह डायवर्जन मध्यम और भारी वाहनों पर सुबह सात बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगा।
विस्तार
कानपुर में रामनवमी के मौके पर बुधवार को पूरे शहर में आयोजन होंगे। पूरा शहर रामधुन पर झूमेगा। सबसे बड़ा आयोजन रामलला मंदिर में होगा। अयोध्या में राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद रामनवमी दोगुने उत्साह के साथ मनाई जाएगी। शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, भंडारे आयोजित किए जाएंगे।
श्री रामनवमी महोत्सव कमेटी की ओर से लाठी मोहाल से शोभायात्रा, श्री राम महोत्सव युवा समिति की ओर से सीसामऊ तकिया पार्क चौराहे पर ध्वज पूजन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। अखंड ब्राह्मण मंच की ओर से प्रभात फेरी, बाबा बरगदेश्वर मंदिर परेड से शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इस्कॉन मंदिर में भी श्रीराम प्राकट्य महोत्सव मनायाा जाएगा। रामलीला का मंचन और झांकियां भी लगाई जाएंगी। मेस्टन रोड से शोभायात्रा निकाली जाएगी। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से जीएस टॉवर कोपरगंज में भंडारा आयोजित किया जाएगा। जंगली देवी मंदिर, मां उजियारी देवी मंदिर, मां बुद्धा देवी नवयुवक संघ की ओर से खोया बाजार में भंडारे का आयोजन होगा।
सुबह से बदला रहेगा यातायात
रामनवमी पर बुधवार को रामलला मंदिर रावतपुर से निकाली जाने वाली शोभायात्रा के चलते यातायात में बदलाव किया गया है। यातायात विभाग के मुताबिक यह डायवर्जन मध्यम और भारी वाहनों पर सुबह सात बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगा।
ये रहेगी व्यवस्था
- विजयनगर चौराहे से कोई भी मध्यम या भारी वाहन नमक फैक्टरी होते हुए मसवानपुर चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन विजयनगर से फजलगंज चौराहे व जरीब चौकी होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
- शारदानगर क्रॉसिंग से छपेड़ा पुलिया चौराहे जाने वाले वाहन शारदानगर से गुरुदेव चौराहे से अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- मसवानपुर चौराहे से कोई भी मध्यम व भारी वाहन नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए विजयनगर चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन दलहन क्रॉसिंग की ओर होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- सिलेंडर चौराहे से कोई भी मध्यम व भारी वाहन केडीएमए स्कूल के सामने से होते हुए शनेश्वर मंदिर तिराहे की ओर नहीं जा सकेंगे।
यहां रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
- नमक फैक्टरी चौराहे से एकता स्वीट हाउस जाने वाले रोड के दाहिने (सब्जीमंडी)।
- द्विवेदी पार्टी लॉन के खाली मैदान में।
- रामलला आरोग्यघाम नव निर्माण खाला ग्राउंड में प्रशासनिक वाहनों के लिए।