Unnao: युवक के शव का दोबारा होगा पोस्टमार्टम, सोमवार को पुलिस करेगी घटना का रिक्रिएशन, पढ़िए पूरा मामला
Unnao News: हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में बक्शी खेड़ा गांव के बाहर खेत में रविवार को तीन सदस्यीय एसआईटी की निगरानी में मृतक दीपक का शव कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विस्तार
उन्नाव जिले में हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के घर में उसके ही दुपट्टे के फंदे से युवक का शव लटका मिला था। इस घटना में एसआईटी शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराएगी। दफन शव को निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आईजी के नेतृत्व में हुई जांच में घटना संदिग्ध पाई गई है। सोमवार को विधि विज्ञान प्रयोगाशाल की टीम घटना का रिक्रिएशन भी करेगी।
एसआईटी को 10 जनवरी को होने वाली सुनवाई से पहले न्यायालय में अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट दाखिल करनी है। हसनगंज कोतवाली के बक्शीखेड़ा गांव निवासी रामप्रसाद रावत के बेटे दीपक (22) का शव 24 नवंबर को घर से करीब पचास मीटर दूर पड़ोसी सजातीय किशोरी के घर के बरामदे में फंदे से लटका मिला था। जिस दुपट्टे से शव लटका था वह किशोरी का ही था।
मृतक के पिता ने किशोरी और उसके पिता पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई थी। मृतक के परिजन थाने के चक्कर लगाते और पुलिस के आगे गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन हसनगंज कोतवाली पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद पिता ने उच्च न्यायालय की शरण ली और न्यायालय ने डीजीपी को पिता-पुत्री पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर एसआईटी गठित कर जांच का आदेश दिया।
10 जनवरी को उच्च न्यायालय में होनी है सुनवाई
शुक्रवार को आईजी तरुण गाबा के नेतृत्व में टीम ने जांच की थी। एसआईटी मृत युवक के शव का रविवार को दोबारा पोस्टमार्टम करा रही है। रायबरेली के सीओ शेषमणि उपाध्याय, इंस्पेक्टर, जितेंद्र सिंह, इंद्रपाल सेंगर, सदाकत हुसैन भी मौजूद हैं। सोमवार को एसआईटी गांव पहुंचकर घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम के माध्यम से घटना का रिक्रिएशन भी कराएगी। मामले की 10 जनवरी को उच्च न्यायालय में सुनवाई होनी है।
जांच पूरी कर न्यायालय में दाखिल की जाएगी रिपोर्ट
इससे पहले ही एसआईटी प्रकरण की प्रगति रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल करनी है। टीम में शामिल हरदोई जिले के एएसपी नृपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच पूरी करके रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल की जाएगी और न्यायालय के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।