उत्तर प्रदेश के पुलिसवाले अब मधुरवार्ता करना सीखेंगे। यूपी के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश सिंह के निर्देश पर ट्रेनिंग दी जाएगी। शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले फरियादियों के साथ अच्छा बर्ताव हो, इसके लिए शासन ने मुंशी और दीवान को खास प्रशिक्षण देने का फैसला लिया है। यूपी के कन्नौज जिले के सभी थानों में तैनात इन पुलिस कर्मचारियों को प्रदेश की राजधानी में जिलेवार ढंग से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
थाने में अक्सर मुंशी और दीवान द्वारा पीड़ितों से अच्छे से बात न करने की शिकायतों को प्रदेश के डीजीपी ने गंभीरता से लिया है। सभी पुलिस कप्तानों को थानों में बैठने वाले मुंशी और दीवान को अच्छे व्यवहार को लेकर उनकी ट्रेनिंग कराई जाएगी। जनता से अच्छा व्यवहार कैसे करना है उन्हें सिखाया जाएगा। साथ ही उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ाई जाएगी।
थानों में जाने पर जनता का सबसे पहले मुंशी और दीवान से ही सामाना होता है। जिससे थानों में पहुंचने वाले लोगों के साथ बेहतर ढंग से पूछताछ कर उनकी समस्या का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा थानों के आंगुतक कक्षों में पेयजल के साथ समुचित बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों के मुंशी और दीवानों को ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। जिले के सभी थाना प्रभारियों को ट्रेनिंग के लिए मुंशी और दीवानों की सूचना बनाकर पुलिस कार्यालय सौंपने को कहा गया है।