औद्योगिक नगरी को स्वच्छ बनाने के लिए पीएम ने महापौर को दिए ये मंत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में भाजपा के 14 नवनिर्वाचित महापौरों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री से भेंट की। प्रधानमंत्री ने सभी निर्वाचित महापौरों को रोजाना सुबह एक घंटे सफाई अभियान में अपना समय देने और गंगा को प्रदूषण से मुक्त करने के उपाय भी बताए।
प्रधानमंत्री के साथ भाजपा महापौरों की इस मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडे भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की भव्य जीत के लिए सभी को बधाई दी।
शहर को साफ सुथरा बनाने का सूत्र बताये
प्रमिला पांडे ने बताया कि प्रधानमंत्री ने शहर को साफ सुथरा बनाने का सूत्र बताया है। उन्होंने कहा कि महापौर खुद सुबह मार्निंग वाक के समय एक घंटे तक अलग क्षेत्रों में जाकर सफाई अभियान चलाएं। यह काम लगातार किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर होता है कि लोग चुनाव जीतने के बाद दूसरी राजनीति में लग जाते हैं। अपनी जिम्मेदारी को भूल जाते हैं।
गुजरात में प्रचार करेंगी कानपुर महापौर प्रमिला पांडेय
प्रधानमंत्री ने कहा कि शहर के साथ-साथ गंगा को प्रदूषण से कैसे बचाया जा सकता है इसके लिए भी नगर निकायों को काम करना है। प्रमिला ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे कहा कि कार्य करने को लेकर मन में जितना ज्यादा विश्वास होगा, मन उतना ही प्रसन्नचित रहेगा। प्रधानमंत्री ने बारी बारी से प्रदेश भर के सभी महापौर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सबके साथ चाय भी पी।
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद मंगलवार को प्रदेश के सभी भाजपा से जुड़े नवनिर्वाचित महापौर गुजरात के लिए रवाना हो गए। गुजरात में चल रहे विधानसभा चुनाव में प्रमिला उन क्षेत्रों में प्रचार प्रसार करेंगी जहां पर कानपुर और पूर्वांचल के लोग निवास करते हैं। इस दौरान उनको गुजरात में जगह-जगह सम्मानित किया जाएगा।