Kanpur: जरीब चौकी क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, एक अंडरपास का भी होगा निर्माण, जानें कैसी है डिजाइन
Kanpur News: पुल और एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनने के बाद जरीबचौकी की मौजूदा रेलवे क्रॉसिंग स्थायी रूप से बंद हो जाएगी। सब कुछ तय समय में हुआ, तो निर्माण तीन साल में पूरा हो जाएगा।
- 160 करोड़ है पुल और अंडरपास की लागत।
- 200 करोड़ तक पहुंच जाएगी लागत शिफ्टिंग खर्च मिलाकर।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में आईआईटी से जरीबचौकी तक बनने वाले एलिवेटेड ट्रैक का रास्ता साफ हो गया है। जरीबचौकी क्रॉसिंग पर फंसा ओवरब्रिज का मसला सुलझ गया है। क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाने पर सहमति बन गई है। ओवरब्रिज जीटी रोड पर गोल चौराहे की ओर और अफीमकोठी की ओर उतरेगा।
इसके अलावा कालपी रोड से घंटाघर जाने वालों के लिए अंडरपास बनाया जाएगा, जो संगीत टॉकीज वाली रोड पर निकलेगा। शुक्रवार को शहर आए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने निरीक्षण के बाद सेतु निगम की ओर से बनाई गई इस डिजाइन को अनुमति दे दी है।
निरीक्षण में शामिल सेतु निगम के निदेशक राकेश सिंह ने बताया कि कालपी रोड से जीटी रोड पर रामादेवी की तरफ चार लेन का एलिवेटेड पुल बनेगा। इसी तरह कालपी रोड से जीटी रोड पर गोल चौराहा की तरफ की तरफ भी एलिवेटेड पुल बनेगा, जबकि कालपी रोड से ही घंटाघर की तरफ आने-जाने के लिए अंडरपास बनेगा।
पुल की कुल लागत 180 करोड़ से 200 करोड़
सिविल कार्य की अनुमानित लागत 160 करोड़ रुपये है। इसमें निर्माण स्थल में बिछी पाइपलाइनें, सीवर लाइन, भूमिगत विद्युत केबल आदि की शिफ्टिंग की लागत शामिल नहीं है। सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार सेन ने बताया कि यह लागत भी जोड़ दी जाए, तो पुल की कुल लागत 180 करोड़ से 200 करोड़ रुपये आएगी।
तीन साल में पूरा हो जाएगा निर्माण
पुल और एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनने के बाद जरीबचौकी की मौजूदा रेलवे क्रॉसिंग स्थायी रूप से बंद हो जाएगी। सब कुछ तय समय में हुआ, तो निर्माण तीन साल में पूरा हो जाएगा। निरीक्षण में कमिश्नर अमित गुप्ता, डीएम विखाश जी., नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन आदि शामिल रहे।
दो और पुल बनने की संभावना
इस योजना में जीटी रोड पर गोल चौराहे की तरफ से आ रहे वाहनों को घंटाघर की तरफ जाने के लिए और घंटाघर रोड की तरफ से आ रहे वाहनों को जीटी रोड पर अफीमकोठी की तरफ जाने के लिए भी दो ओवरब्रिज बनाने का खाका खींचा गया है, फिलहाल इसे भविष्य की जरूरत के हिसाब से विकल्प के रूप में डिजाइन में शामिल किया गया है। अभी ये बनेंगे नहीं।
पहले बनाई थी चार रैंप वाले पुल की डिजाइन
सेतु निगम ने पिछले महीने जरीबचौकी रेलवे क्रासिंग पर चार रैंप वाले ओवरब्रिज की डिजाइन बनाई थी। इसमें दो रैंप चार-चार लेन के और शेष दो-दो लेन के बनने थे। हालांकि इस डिजाइन से पुल के ऊपर वाहनों के फंसाव, हादसे की आशंका थी।
अब ऐसी है डिजाइन
नई डिजाइन के अनुसार अब ओवरब्रिज जीटी रोड पर गोल चौराह और अफीमकोठी छोर की ओर उतरेगा। इसके अलावा कालपी रोड से अंडरपास बनेगा, जो संगीत टॉकीज रोड पर निकलेगा। इससे घंटाघर की ओर आसानी से निकला जा सकेगा।
एलिवेटेड ट्रैक जरीबचौकी और तेजाब मिल कैंपस के बीच से ही उठेगा
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी शिरीष चंद्र ने बताया कि गोरखपुर जोनल मुख्यालय से चीफ इंजीनियर एसके मौर्या कानपुर में हुई मुख्य सचिव की बैठक में शामिल हुए थे। एलिवेटेड ट्रैक पर अब तस्वीर साफ हो गई है। रेलवे की ओर से बन चुकी डीपीआर में संशोधन कराया जाएगा। एलिवेटेड ट्रैक जरीबचौकी और तेजाब मिल कैंपस के बीच से ही उठेगा और आईआईटी के आगे उतरेगा।
मुख्य सचिव ने जरीब चौकी में निरीक्षण के दौरान एलिवेटेड पुल और अंडरपास निर्माण के लिए बनी डिजाइन को स्वीकृति दे दी है। इससे वहां एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है। -राकेश सिंह, डायरेक्टर, सेतु निगम