Orai: दो दिन पहले हुई थी दो मौतें, उसी अंधे मोड़ पर फिर दो युवक नहर में गिरे; गुस्साए लोगों ने किया हाईवे जाम
Orai News: उरई में टूटी रेलिंग और अंधे मोड़ वाली नहर पुलिया पर फिर हादसा हुआ, जहां दो बाइक सवार युवक नहर में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी स्थान पर कुछ दिन पहले दो चचेरे भाइयों की मौत हुई थी, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
विस्तार
उरई में नहर पुलिया की टूटी रेलिंग व अंधा मोड होने से त्योहार के दिन चचेरे भाइयों की मौत हो गई थी। लोगों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार नहीं चेते और शुक्रवार की सुबह बाइक सवार दो युवक नहर में गिर गए। इससे दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उनका आरोप है कि अधिकारी कितनी मौतों के बाद सुध लेंगे। दो घंटे से सड़क पूरी तरह से जाम हैं।
झांसी जिले के ग्राम जौरा निवासी अमित (28) और हकीम सिंह (40) शुक्रवार की सुबह बाइक से नारायणपुरा की ओर जा रहे थे। नहर किनारे बने अंधे मोड़ पर चेतावनी बोर्ड या रेलिंग न होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। गंभीर रूप से घायल अमित को जिला अस्पताल से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही नारायणपुरा और आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने नारायणपुरा नहर माइनर पर सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
अंधे मोड़ पर सुरक्षा रेलिंग नहीं लगाई
उनका आरोप है कि सोमवार रात को भी इसी स्थान पर हुए हादसे में दो युवकों की मौत हुई थी, लेकिन प्रशासन ने सड़क की मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोई कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क की मरम्मत और अंधे मोड़ पर सुरक्षा रेलिंग नहीं लगाई जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सूचना मिलने पर जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने के बावजूद देर तक जाम की स्थिति बनी रही।