MLA Irfan Solanki: मुस्लिम क्षेत्रों में बढ़ी हलचल, इरफान व सहयोगियों की 150 करोड़ की बेनामी संपत्ति होगी जब्त
इरफान व उनके सहयोगियों की अब तक करीब 150 करोड़ की बेनामी संपत्तियों को आंका जा चुका है। अफसरों से इस कार्रवाई को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग टीमें बना दी गईं हैं। नोडल अधिकारी बनाए गए फीलखाना इंस्पेक्टर एक दिन बाद से कार्रवाई शुरू करेंगे।
विस्तार
कानपुर में सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके सहयोगी गैंगस्टर साथियों की तकरीबन 27 बेनामी संपत्तियों की सूची तैयार कर ली गई है। पुलिस के आलाधिकारियों के आदेश पर बुधवार से संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। इसको लेकर मुस्लिम क्षेत्रों में हलचल बढ़ गई है।
खुफिया एजेंसियों पूरी तरह से सक्रिय हो गई हैं। इरफान व उनके सहयोगियों की अब तक करीब 150 करोड़ की बेनामी संपत्तियों को आंका जा चुका है। अफसरों से इस कार्रवाई को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग टीमें बना दी गईं हैं। नोडल अधिकारी बनाए गए फीलखाना इंस्पेक्टर एक दिन बाद से कार्रवाई शुरू करेंगे। जाजमऊ की डिफेंस कालोनी निवासी नजीर फातिमा ने सात नवंबर को विधायक इरफान सोलंकी पर घर फूंकने के मामले में उन पर व उनके भाई रिजवान सोलंकी पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके बाद से उन पर पुलिस का कड़ा शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने एक महीने के भीतर इरफान के खिलाफ एक के बाद एक गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज किए थे, इसमें दो में चार्जशीट दाखिल हो गई है। छह मामलों में चार्जशीट अंतिम पड़ाव में है। पुलिस 10 फरवरी तक उन मामलों में भी चार्जशीट दाखिल कर देगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इरफान व उनके सहयोगियों की बेनामी संपत्ति ग्वालटोली, चमनगंज, कोतवाली, जाजमऊ और चकेरी थाना क्षेत्रों में हैं। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश ने बताया कि विधायक इरफान के भाई रिजवान की भी करोड़ों की बेनामी संपत्ति है। उसके पास भी कानपुर से लेकर उन्नाव तक संपत्तियां हैं।
जिन्हें लिस्टेड किया जा रहा है। रिजवान उन्नाव का भूमाफिया भी है। इसके साथ ही गैंग में शामिल सपा नेत्री के पिता शौकत पहलवान ने भी अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। साथ ही हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला, मोहम्मद शरीफ की भी करोड़ों की संपत्ति जब्त होनी हैं। इस मामले में कार्रवाई को लेकर पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। पुलिस के इस एक्शन को लेकर मुस्लिम इलाकों में हलचल शुरू हो गई है। हर तरफ तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसको लेकर खुफिया एजेंसियां भी चौकन्नी हो गई हैं। पुलिस को हर स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट किया गया है।