Kannauj: बदमाशों ने घर में घुसकर की मारपीट और लूटपाट, दो लोग गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
Kannauj News: तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने घर घुसकर लूट को अंजाम दिया। इस दौरान दो लोगों से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
विस्तार
कन्नौज जिले में तिर्वा कस्बा के गांधीनगर मोहल्ला में शुक्रवार देर रात को बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया। इसमें बदमाशों ने मौजूद दो लोगों को लहूलुहान कर घर में रखे जेवरात व नगदी लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के कनपुरा गांव निवासी महाराम दोहरे सीआरपीएफ से 2001 में सेवानिवृत होकर कस्बा के गांधीनगर में आवास बनाकर छोटे बेटे विवेक के साथ रहने लगे। तीन दिन पहले महाराम पत्नी के साथ गांव चले गए थे। शुक्रवार को घर पर विवेक व मौसेरा भाई पंकज के साथ मौजूद था।
विवेक ने बताया कि रात करीब दो बजे छत पर खटपट की आवाज सुनाई दी। छत पर जाते समय किसी ने सिर पर हमला कर दिया और अंदर घुसकर पंकज के भी सिर पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। घर पर रखा करीब दस लाख रुपये के जेवरात समेत नगदी लूट ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी।
तीन अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट
लूट की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर एसपी, एएसपी, सीओ, कोतवाल, एसओजी व फोरेंसिक टीम समेत भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसपी अमित कुमार आंनद ने बताया कि तीन अज्ञात चोरों के खिलाफ लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।