Banda Murder: मानसिक अस्वस्थ्य पति ने पत्नी का मारा, गले में सांग घोंपकर मौत के घाट उतारा, आरोपी फरार
Banda Crime: अतर्रा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बल्लान में मानसिक अस्वस्थ्य पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मां को गिरता देख बच्चियों की चीख निकल गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
विस्तार
बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में मानसिक अस्वस्थ्य पति ने पत्नी के गले में सांग घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। मां को खून से लथपथ होकर गिरता देख बेटियों की चीख निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की है।
अतर्रा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बल्लान निवासी सूरज बलि मानसिक अस्वस्थ्य है। शनिवार सुबह करीब चार बजे पत्नी मीरा देवी (45) के गले में सांग घोपकर हत्या कर दी। घटना की प्रत्यक्षदर्शी मृतका की बेटियां पूनम (12) और विनीता (15) हैं। विनीता ने बताया कि पिता कई वर्षों से मानसिक अस्वस्थ हैं।
इसके चलते हर मां और परिवार के सभी सदस्य हर समय उन पर नजर रखते हैं। शनिवार सुबह करीब 3.30 बजे पिता जी उठे, तो आहट पाकर मां और हम दोनों भी जाग गए। पिता जी घर से निकले, तो मां भी उनके पीछे निकलीं। हम भी घर के बाहर आ गए। घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर एक धार्मिक स्थल है।
पिता ने सांग सीधा मां के गले में घोंपा
पापा वहां पहुंचे और वहां पर गड़ा सांग उखाड़ कर मां की तरफ दौड़े। मां ने डरकर भागने का प्रयास किया, तो पिता उन पर सांग से वार करने लगे। मां को बचाने के लिए हम लोग दौड़े इसी दौरान पिता ने सांग सीधा मां के गले में घोंप दिया। हमारी चीख सुनकर पिता जी भाग निकले।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि घटना से पहले आरोपी परिवार के साथ ही सो रहा था।