कानपुर: स्कूटी रोककर युवक का गला दबाया, गाली-गलौज का किया था विरोध, गले की चेन तोड़कर आरोपी फरार, जांच शुरू
Kanpur News: अर्मापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओएफसी गेट के सामने गुरुवार सुबह नशे में धुत दबंग ने स्कूटी सवार निजी कर्मी को रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर सरेराह गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। राहगीरों के बीच-बचाव के दौरान आरोपी पीड़ित के गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया।
विस्तार
कानपुर के अर्मापुर में गुरुवार सुबह नशे में धुत युवक ने रास्ता रोककर विजय नगर निवासी दीपक कुमार पर हमला कर दिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। सांस घुटने पर दीपक ने शोर मचाया, तो राहगीरों ने दौड़कर उसे हमलावर के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी उसके गले से सोने की चेन तोड़कर भाग निकला।
जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने 112 पर सूचना देने के बाद अर्मापुर थाने में तहरीर दी है। पीड़ित दीपक कुमार निजी कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे वह स्कूटी से निजी काम के लिए जा रहे थे। ओएफसी गेट के सामने विजय नगर के प्लॉट नंबर-100 मलिन बस्ती निवासी सुमंत गुप्ता ने उन्हें रोक लिया।
आरोपी ने गला पकड़कर दबाना शुरू कर दिया
आरोप है कि सुमंत नशे की हालत में था और बिना वजह गाली-गलौज करने लगा। दीपक के मुताबिक, गाली देने का विरोध करने पर सुमंत ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। धक्का-मुक्की में स्कूटी सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उनका गला पकड़कर दबाना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से दीपक घबरा गए और सांस लेने में परेशानी होने लगी। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंच गए।
सोने की चेन खींचकर तोड़ ली
बीच-बचाव कर उन्हें आरोपी के कब्जे से छुड़ाया। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान सुमंत ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन खींचकर तोड़ ली। इसके बाद वह मौके से भाग निकला। आरोप है कि जाते समय उसने दीपक को दोबारा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से निकल चुका था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और पीड़ित को थाने लेकर पहुंची। दीपक ने आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब ओएफसी गेट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अर्मापुर थाना प्रभारी मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपों की पड़ताल की जा रही है।