कानपुर: गले में फंदा डाल रेलिंग पर लटका युवक, प्रधान समेत कुछ लोगों पर गंभीर आरोप, बोला- मेरे पास वीडियो है
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम न्योरी में दलित उत्पीड़न और पुलिस कार्रवाई से परेशान एक युवक मंगलवार सुबह गले में फंदा डालकर रेलिंग से लटकते हुए आत्महत्या का प्रयास किया। युवक ने पहले एससी-एसटी आयोग को पत्र भेजकर ग्राम प्रधान और अन्य लोगों पर जातीय उत्पीड़न, मारपीट व जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम न्योरी में दलित उत्पीड़न और पुलिस कार्रवाई से परेशान होने का आरोप लगाने वाले एक युवक ने मंगलवार सुबह गले में फंदा डालकर रेलिंग से लटकते हुए आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग युवक को देख रहे थे और मामले को लेकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक की पहचान ग्राम न्योरी निवासी श्याम सुंदर कोरी के रूप में हुई है। श्याम सुंदर ने पहले एससी-एसटी आयोग को शिकायती पत्र भेजकर ग्राम प्रधान समेत कुछ लोगों पर जातीय उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और गांव से भगाने का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
दावा- मेरे पास घटना का वीडियो मौजूद है
श्याम सुंदर का आरोप है कि गांव के काली मां मंदिर का जीर्णोद्धार कराने और कुछ लोगों की बेगारी न करने के कारण उसका लगातार उत्पीड़न किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान और अन्य लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे धमकाया और कहा कि गांव में रहना है, तो उनकी बेगारी करनी पड़ेगी। युवक ने यह भी दावा किया था कि उसके पास घटना का वीडियो मौजूद है।
गांव से भगाने का किया जा रहा है प्रयास
पीड़ित के अनुसार, 22 नवंबर 2025 को उस पर जानलेवा हमला कराया गया था। स्थानीय थाने में शिकायत करने पर कार्रवाई के बजाय पुलिस ने उसे ही पकड़कर मारपीट की और चालान कर दिया। श्याम सुंदर ने अपनी शिकायत में कहा था कि जातीय और पुलिस उत्पीड़न से वह और उसका परिवार काफी परेशान है और गांव से भगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोई अप्रिय घटना होती है, तो आरोपी लोग जिम्मेदार होंगे
मंगलवार सुबह युवक के आत्महत्या के प्रयास के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया। युवक ने अपनी शिकायत में पहले ही आशंका जताई थी कि यदि उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए आरोपी लोग जिम्मेदार होंगे।