Kanpur Weather: वैशाख में सावन जैसी रिमझिम, गर्मी में गुलाबी सर्दी का एहसास, तीन मई तक बारिश की संभावना
कानपुर में सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छा गए। मौसम विभाग की मानें तो तीन मई तक कानपुर समेत आसपास के शहरों में बारिश के आसार हैं।
विस्तार
चक्रवाती हवाओं ने कानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में फिर से मौसम बदल दिया है। रविवार सुबह से लेकर शाम तक शहरी क्षेत्र में 15 मिमी व ग्रामीण क्षेत्रों में 25 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पिछले दो दिनों से धूप नहीं निकलने की वजह से गर्मी के मौसम में लोगों ने ठंड महसूस की। अधिकतम तापमान 30 अप्रैल के सामान्य तापमान से 12.8 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को सुबह से ही कानपुर में आसमान में बादल छा गए।
वहीं कानपुर के आसपास के जिलों में कहीं बूंदा बांदी हो रही है तो कहीं आसमान में बादल छाए हुए हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल को अधिकतम निर्धारित तापमान 38.08 डिग्री होना चाहिए लेकिन यह 26 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश की वजह से बिजली को लेकर दिक्कत आई लेकिन गर्मी से लोगों को निजात मिली। मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार इस महीने में दिन में इतना कम तापमान दूसरी बार रिकॉर्ड किया गया।
इससे पहले 24 अप्रैल को अधिकतम तापमान 25 डिग्री था, उस दिन 14 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार इस तरह का मौसम अगले तीन मई तक रहने की संभावना है। बताया कि दिन में धूप निकल सकती है। सुबह और शाम के समय बारिश होने के साथ ही तेज हवा चल सकती है। उन्होंने बताया कि इस बार अप्रैल में कुल 60.02 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। इसी तरह मई महीने में भी मौसम में बीचबीच में बदलाव जारी रहेगा।
अप्रैल में 60 मिमी से ज्यादा बारिश
इस बार अप्रैल महीने में चार बाद मौसम बदला और कुल 60 मिमी से ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई। पिछले वर्ष इस महीने बारिश की एक बूंद भी नहीं पड़ी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार जलवायु परिवर्तन मौसम में इस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी तरह 2019 में भी इस महीने मात्र 2.8 मिमी बारिश हुई थी। 2018 में सबसे ज्यादा 104 मिमी पानी बरसा था।
2022 : 00 मिमी
2021 : 10.8
2020 : 31.8
2019 : 2.8
2018 : 104
2017 : 73
2016 : 00
2015 : 8.3
2014 : 4.4
2013 : 00
2012 : 6.6
2011 : 11