सरेराह गुंडई: मामूली बात पर बवाल, कार में तोड़फोड़, मासूम के चेहरे में धंसे कांच के टुकड़े
कानपुर में मामूली बात पर भारी बवाल हो गया। बुजुर्ग के बेटों व भांजे ने कार सवार परिवार से मारपीट की। इसके बाद कार में तोड़फोड़ भी कर दी। आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के सीसामऊ में बालाजी चौक के पास रविवार शाम को एक कार बुजुर्ग को छू गई, जिस पर भारी बवाल हो गया। बुजुर्ग के बेटों व भांजे ने कार सवार परिवार से मारपीट की। इसके बाद कार में तोड़फोड़ भी कर दी। इससे कांच के टुकड़े डेढ़ साल की बच्ची के चेहरे में धंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया।
आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नेहरूनगर निवासी अंकित बाजपेई एक निजी बैंक में कार्यरत हैं। अंकित रविवार शाम करीब चार कार से जीटी रोड की तरफ जा रहे थे। कार में उनके पिता राकेश, पत्नी निहारिका व बेटी तनिष्का भी थी। बालाजी चौके के पास शिव सिंह सड़क पार कर रहे थे। तभी कार उन्हें छू गई। इस पर वह भड़क गए। अपने दोनों बेटों व भांजे को बुला लिया। लाठी-डंडे लेकर पहुंचे बेटों और भांजे ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अंकित व परिजनों से अभद्रता की।
कार के शीशे के टुकड़े तनिष्का के चेहरे में धंस गए। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। एसीपी सीसामऊ शिखर ने बताया कि मामले में आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
माफी मांगते रहे लेकिन नहीं माने
अंकित, उनकी पत्नी व अन्य परिजन उन लोगों से माफी मांगते रहे लेकिन वे नहीं माने। अभद्रता की हदें पार कर दीं। बुजुर्ग राकेश से भी मारपीट की। अंकित का कहना था कि कार से चोट तक नहीं आई थी। जरा सी बात थी, जो रोड चलते अक्सर हो जाती है लेकिन आरोपी इतना भड़क गए कि मानने को तैयार ही नहीं थे।