Kanpur: बिठूर में दो शिव मंदिरों में तोड़फोड़, सभासद ने सुबह देखीं टूटी मूर्तियां, CCTV खंगाल रही है पुलिस
Kanpur News: बिठूर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दो पास-पास स्थित शिव मंदिरों में शिवलिंग और नंदी की प्रतिमाएं खंडित मिलने से हड़कंप मच गया। सभासद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। घटना से उपजे तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विस्तार
कानपुर के बिठूर कस्बे में असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया है। शुक्रवार सुबह क्षेत्र के दो प्राचीन शिव मंदिरों में शिवलिंग और नंदी की प्रतिमाएं खंडित मिलने से इलाके में भारी तनाव फैल गया। यह दोनों मंदिर एक-दूसरे से मात्र 10 मीटर की दूरी पर स्थित हैं।
क्षेत्रीय सभासद सूरज सविता नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही शिवलिंग और नंदी की प्रतिमाओं को टूटी हुई हालत में देखा, तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
गांव में पुलिस बल तैनात
मंदिरों में तोड़फोड़ की इस घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।