UP: कानपुर-आगरा से कोलकाता के लिए 21 जुलाई से चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें, देखें टाइम टेबल व रूट
Kanpur News: यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कानपुर और आगरा से कोलकाता के बीच दो साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें कानपुर सेंट्रल-कोलकाता-कानपुर सेंट्रल (04157/04158) और आगरा कैंट-कोलकाता-आगरा कैंट (01911/01912) स्पेशल ट्रेन शामिल हैं।
विस्तार
रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कानपुर और आगरा से कोलकाता के बीच दो साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें पहली कानपुर सेंट्रल-कोलकाता-कानपुर सेंट्रल (गाड़ी संख्या 04157/04158) और दूसरी आगरा कैंट-कोलकाता-आगरा कैंट (गाड़ी संख्या 01911/01912) विशेष रेलगाड़ियां शामिल हैं।
कानपुर सेंट्रल से 04157 स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार 21 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक सुबह 8:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 04158 स्पेशल प्रत्येक बुधवार 22 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक कोलकाता से सुबह 7:25 बजे चलकर गुरुवार तड़के 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।
इसी तरह 01911 आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार 23 जुलाई से 24 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 8:30 बजे होकर गुजरेगी। वापसी में 01912 कोलकाता-आगरा कैंट स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार 24 जुलाई से 25 सितंबर 2026 तक चलेगी और शनिवार रात 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 19 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। दोनों विशेष ट्रेनें फतेहपुर, प्रयागराज (सूबेदारगंज), मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बंडेल और नैहाटी समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी।
रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से कानपुर, आगरा और आसपास के क्षेत्रों से कोलकाता की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही त्योहारों व अवकाश के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।