Kanpur : महिला सीट होते ही पलटा पासा, रात तक जारी रही रस्साकशी, पुरुष दावेदार मायूस
देर रात तक चुनाव लड़ने वालों की रणनीति में अचानक से बदलाव आ गया। सूची आने से पहले तक पार्टी में पुरुष दावेदार एक-दूसरे में आगे निकलने की होड़ में थे, अचानक से पासा पूरी तरह से पलट गया।
विस्तार
नगर निकाय चुनाव में महापौर पद पर आरक्षण की सूची जारी होते ही भाजपाइयों में हलचल तेज हो गई। देर रात तक चुनाव लड़ने वालों की रणनीति में अचानक से बदलाव आ गया। सूची आने से पहले तक पार्टी में पुरुष दावेदार एक-दूसरे में आगे निकलने की होड़ में थे, अचानक से पासा पूरी तरह से पलट गया। सूची आने के बाद उनमें मायूूसी छा गई और देर रात तक महिला दावेदारों के बीच रस्साकशी शुरू हो गई।
देखते देखते 50 से अधिक महिलाएं सामने आ गईं। इसमें सवर्ण के अलावा पिछड़ी और अनुसूचित जातियों से जुड़ी महिला दावेदार शामिल हैं। भाजपा में अभी तक जिन जातियों को मेयर प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर चर्चा चल रही थी, उसमें सबसे ऊपर ब्राह्मण को प्रत्याशी बनाए जाने की बात सामने आ रही थी।
दरअसल कुछ दिन पहले ही पार्टी ने पिछड़ी जाति से ताल्लुक रखने वाले प्रकाश पाल के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, ऐसे में मेयर के पद के लिए किसी पिछड़ी जाति को मैदान में उतारे जाने की संभावना कम लग रही है। इसके अलावा सूची जारी होने से लेकर रात के 12 बजे तक की बात करें तो जो चर्चाएं सामने आई हैं, उसमें महापौर के दावेदारी में अनुसूचित जाति से भी कुछ महिलाओं के नाम सामने आए हैं।
इन दावेदारों में ज्यादातर नाम ऐसे हैं, जो वर्तमान में जिला और क्षेत्रीय इकाई में पदाधिकारी भी हैं। कुछ ऐसे भी नाम हैं, जिनके पति सक्रिय राजनीति में रहे हैं, अब अपनी पत्नी को चुनाव मैंदान में लाने की तैयारी कर रहे हैं। इन सबसे अलग भाजपा ऐसे लोगों पर भी दांव लगा सकती है, जिनका नाम सक्रिय राजनीति में तो नहीं है, लेकिन पर्दे के पीछे से वे भाजपा की धुरी माने जाते हैं।
इस प्रकार आरक्षित हैं वार्ड
- अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड – 14
- इनमें से अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड – 5
- अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित वार्ड – 21
- इनमें से अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड – 7
अनारक्षित वार्ड - 75
- इनमें से अनारक्षित महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड - 25
- नोट- अनारक्षित वार्डों से आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार भी दावेदारी कर सकते हैं