Kanpur: बेटे ने अनजाने में मां पर चढ़ा दी वैन, झाड़ू लगाते समय हुआ हादसा; बिना पुलिस को बताए किया अंतिम संस्कार
Kanpur News: कैथा गांव में बेटे द्वारा वैन बैक करते समय पीछे झाड़ू लगा रही मां की कुचलकर मौत हो गई। बेटे की इस अनजानी भूल से परिवार में कोहराम मच गया, जिसके बाद बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में सजेती थाना क्षेत्र के कैथा गांव में शुक्रवार को बेटे की ओर से घर के बाहर खड़ी वैन बैक करते समय उसकी मां कुचल कर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से बेटे के होश उड़ गए।
घर वालों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के मुताबिक कैथा गांव निवासी एक युवक ने गुरुवार को पुरानी वैन खरीदी थी। गुरुवार की रात वैन घर के बाहर खड़ी थी। सुबह युवक की मां वैन के पीछे झाडू लगा रही थीं। तभी युवक कहीं जाने के लिए वैन निकालने लगा।
घर के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल
बैक करने के दौरान पीछे झाडू लगा रही मां की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। यह देख युवक के होश उड़ गए और वह बदहवास हो गया। घर वालों में भी कोहराम मच गया। इसके बाद घर वालों ने पुलिस को बिना सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। महिला की मौत से घर के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
शिकायत करने से इन्कार कर दिया
मामले में थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि घटना होने की जानकारी पर पुलिस गई, थी लेकिन पारिवारिक मामला होने के चलते परिजनों ने किसी भी तरह की शिकायत करने से इन्कार कर दिया है। यदि बाद में कोई शिकायत करते हैं, तो कार्रवाई की जाएगी। मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।