Kanpur: धार्मिक स्थल बनेंगे पयर्टन केंद्र, नौ स्थलों पर होगी प्रदर्शनी केंद्रो की स्थापना, मिलेंगी ये सुविधाएं
Kanpur News: जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. अर्जिता ओझा ने बताया कि जिन जगहों के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में पर्यटन का कोई बड़ा स्थल होगा। उन स्थलों को इस तरह डिजाइन किया जाएगा, जिससे वहां से यहां पर्यटक आसानी से आ सकें।
विस्तार
कानपुर शहर के नौ धार्मिक व पर्यटन स्थलों के बाहर अब पेयजल, विश्राम स्थल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। पर्यटन विभाग की ओर से इन स्थलों के लिए प्रस्ताव बनाकर तैयार किया जा रहा है। इसमें तपेश्वरी देवी, बारादेवी, पनकी मंदिर, मां बगलामुखी सहित नौ धार्मिक स्थल व पर्यटन स्थल शामिल हैं। इन क्षेत्रों की कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी केंद्र की स्थापना की जाएगी, ताकि वहां के कढ़ाई-बुनाई, पकवान को प्रदर्शित किया जा सके।
तपेश्वरी देवी मंदिर बिरहाना रोड, बारादेवी देवी मंदिर, पनकी हनुमान मंदिर, मारकंडेश्वर मंदिर घाटमपुर, मां चंद्रिका देवी मंदिर रायपुरवा, मां बगलामुखी पीतांबरा माता मंदिर कैंट, चतुर्भुज मंदिर सरसौल के अलावा बाबा क्षेत्रपाल गढ़ी आश्रम बिठूर और चौबेपुर के अमिलिहा को विकसित करने की तैयारी है। इनका सर्वे अभी चल रहा है और क्षेत्र के विधायकों से भी पर्यटन विकास संबंधी राय ली जा रही है। सभी स्थलों के बाहर सड़कों का निर्माण, सौंदर्यीकरण और लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था भी की जाएगी।
सर्वे कराकर शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. अर्जिता ओझा ने बताया कि जिन जगहों के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में पर्यटन का कोई बड़ा स्थल होगा। उन स्थलों को इस तरह डिजाइन किया जाएगा, जिससे वहां से यहां पर्यटक आसानी से आ सकें। 2025-26 के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों से लिए गए है। इनका सर्वे कराकर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
ये मिलेंगी सुविधाएं
धार्मिक व पर्यटन स्थलों के बाहर पेयजल, शौचालय, सड़क, इंटरलॉकिंग, यात्री हॉल, सोलरलाइट, हॉर्टीकल्चर, बाउंड्रीवाल, मुख्य द्वार, चबूतरा, बैठने के लिए बेंच जैसी सुविधाओं को बढ़ाया जा सकता है। इन स्थलों के इतिहास, महत्व की जानकारी के लिए शिलापट्ट लगाए जाएंगे। लोग यहां तक आसानी से पहुंच सके, इसके लिए परिवहन सेवा और सूचना केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।