Kanpur: मौत का जिम्मेदार खुद हूं...लिखकर इंजीनियर ने दी जान, पुलिस को मिला सुसाइड नोट
यूपी के कानपुर में रेलवे विभाग के जेई की आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है।
विस्तार
कानपुर में कल्याणपुर के राणा प्रताप नगर में रेलवे विभाग के जेई भानु प्रताप (28) ने सुसाइड नोट में खुद को मौत का जिम्मेदार बताते हुए फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार देर शाम उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। फोरेंसिक टीम संग पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव के पास से सुसाइड नोट बरामद किया है। मूलरूप से हमीरपुर के मौदहा क्षिरका निवासी रामौतार कुशवाहा के छोटे बेटे भानु प्रताप रेलवे विभाग के उपक्रम डीएफसीसीआईएल में जूनियर एग्जीक्यूटिव (जेई) थे। कल्याणपुर के राणा प्रताप नगर में किराये पर रहकर सरसौल में बिछाए जा रहे रेलवे ट्रैक का कार्य देख रहे थे।
भानु के रिश्तेदार छपेड़ा पुलिया निवासी नितिन ने बताया कि शुक्रवार सुबह से भानु के बड़े भाई राज बहादुर उसे फोन कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था। अनहोनी की आशंका पर वह खुद चेक करने पहुंचे तो भानु के खुदकुशी करने का पता चला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कल्याणपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक ने सुसाइड नोट में अपनी मर्जी से खुदकुशी करने की बात लिखी है।
खुदकुशी का कारण पता करने का प्रयास किया जा रहा है। कमरे में बियर की बोतलें मिली हैं। परिजनों की ओर से शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
तीन भाईयों में सबसे छोटे थे भानु
नितिन ने बताया कि भानु तीन भाईयों में सबसे छोटे थे। बड़ा भाई राजबहादुर मौदहा में पंचायत मित्र हैं। वहीं मझला विजय बहादुर झांसी रेलवे में टेक्नीशियन हैं। भानु की मौत की खबर सुनकर परिजन कानपुर आने को निकल चुके थे।