Kanpur: तीन दिन से लापता छात्रा ने श्रीनगर के गुरुद्वारे में की खुदकुशी, पुलिस ने दर्ज की थी गुमशुदगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन दिन से लापता कानपुर के पनकी निवासी 21 वर्षीय छात्रा रितिका वैसला ने श्रीनगर के एक गुरुद्वारे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। श्रीनगर पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी कानपुर पुलिस व रितिका के परिजनों को दी। पुलिस की एक टीम के साथ रितिका के परिजन श्रीनगर के लिए रवाना हो गए हैं।
हालांकि खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। नवाबगंज थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रमोद वैसला पनकी डी ब्लॉक में परिवार के साथ रहते हैं। प्रमोद के मुताबिक उनकी भतीजी रितिका पिछले तीन महीने से उनके यहां थी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वह काकादेव में कोचिंग जाती थी। उसके परिवार वाले नोएडा में रहते हैं।
दो दिसंबर को रितिका कोचिंग के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। उसी रात पनकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। एसीपी पनकी निशांक शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर को श्रीनगर पुलिस ने फोन कर बताया कि रितिका वैसला नाम की युवती ने खुदकुशी कर ली है।
गुरुद्वारे में ही खाया था खाना, वहीं के कमरे में रुकी
श्रीनगर पुलिस ने अपने स्तर से मामले की जांच की। तब पता चला कि शनिवार शाम को रितिका रैनवारी इलाके में स्थित गुरुद्वारे पहुंची थी। वहीं पर उसने खाना खाया था और वहीं रुकी थी। जिस कमरे में वह रुकी थी, उसी में सुबह वहां के सेवादार ने रितिका का शव फंदे से लटकता देखा। एसीपी का कहना है कि टीम के वहां पहुुंचने के बाद स्थितियां सामने आएंगी।
पढ़ाई का दबाव होने की बात आ रही सामने
घटना से परिजन स्तब्ध हैं। उनको समझ नहीं आ रहा है कि आखिर रितिका पहले अचानक लापता कैसे और क्यों हो गई। इसके बाद खुदकुशी भी कर ली। वजह किसी को पता नहीं चल सकी है। हालांकि परिजनों का ये कहना है कि रितिका पढ़ाई को लेकर कुछ दबाव में थी। आशंका है कि इसलिए वह नाराज होकर चली चली गई और आत्महत्या कर ली। इस बिंदु पर भी जांच की जाएगी।
दो दिसंबर को ही बंद कर दिया था मोबाइल
परिजनों के मुताबिक रितिका रोजाना पौने दो बजे घर से निकलती थी। कोचिंग के बाद शाम को पांच से छह बजे के बीच घर आ जाती थी। दो दिसंबर को वह नहीं आई। फोन भी शाम से ही बंद था। पुलिस ने जांच शुरू की तो वह पनकी मंदिर के पास स्थित एक मिठाई की दुकान पर स्कूटी खड़ी करते दिखाई दी। उसके बाद से कुछ पता नहीं चला।