Kanpur: घाटमपुर ओवरब्रिज पर लोड टेस्टिंग शुरू, नई स्लैब की मजबूती परख रही टीम, 24 घंटे बाद साफ होगी तस्वीर
Kanpur News: घाटमपुर कस्बे में 46 करोड़ की लागत से बने ओवरब्रिज की नई स्लैब की लोड टेस्टिंग बुधवार दोपहर से शुरू हो गई है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने मंगलवार से हल्के वाहनों का आवागमन शुरू होने का दावा किया था, जो तय समयसीमा में पूरा नहीं हो सका।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर कस्बे के ओवरब्रिज की नई स्लैब की लोड टेस्टिंग शुरू हो गई है। हालांकि एनएचएआई ने मंगलवार से ओवरब्रिज पर हल्के वाहनों का आवागमन शुरू कराने का दावा किया था, लेकिन तय समयसीमा में ऐसा नहीं हो सका। अब लोड टेस्टिंग की रिपोर्ट आने के बाद ही अधिकारियों द्वारा हल्के वाहनों के संचालन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
मालूम हो कि चार वर्ष पहले लगभग 46 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज की स्लैब का एक हिस्सा 21 जून को धंस गया था। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर ओवरब्रिज पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। तब से भारी और हल्के वाहन सर्विस रोड के रास्ते गुजर रहे हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नहीं शुरू हो पाया था आवागमन
क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर दो जुलाई को नई स्लैब डाली गई थी। इसके बाद निर्माण कार्य पूरा होने पर रविवार को स्लैब वाले हिस्से पर डामर की सड़क भी बना दी गई। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने हल्के वाहनों को मंगलवार से पुल पर आवाजाही शुरू होने की बात कही थी, लेकिन आवागमन नहीं शुरू हो पाया।
एनएचएआई के अधिकारियों को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
बुधवार को विशेषज्ञों की टीम ने पहुंचकर नई स्लैब की लोड टेस्टिंग शुरू की। टीम के सदस्यों ने बताया कि परीक्षण प्रक्रिया पूरी करने में लगभग 24 घंटे का समय लगेगा। इसके बाद तैयार रिपोर्ट एनएचएआई के अधिकारियों को सौंपी जाएगी। यदि रिपोर्ट संतोषजनक रही, तो पहले चरण में हल्के वाहनों के लिए ओवरब्रिज खोला जा सकता है।