Kanpur: तेज बारिश में कच्चा मकान भरभराकर गिरा, पिता-पुत्री घायल…लेखपाल ने रिपोर्ट बनाकर भेजी
Kanpur News: नरवल तहसील के महुआ गांव में बुधवार शाम तेज बारिश से एक कच्चा मकान गिरने से दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने जल निकासी की खराब व्यवस्था को हादसे की वजह बताया।
विस्तार
कानपुर में नरवल तहसील के सरसौल विकासखंड के अंतर्गत महुआ गांव के मजरा घाघूखेड़ा में बुधवार शाम करीब पांच बजे तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया। इस हादसे में घर के अंदर बैठे दो लोग, इंद्रजीत यादव और उनकी बेटी मीना गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद, शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को मलबे से बाहर निकाला, जिससे उनकी जान बच गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि इंद्रजीत की एक और बेटी उस समय पढ़ने गई हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि गाव में जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी कच्चे मकानों को कमजोर कर रहा है।
रात में हादसे से होता बड़ा नुकसान
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और रिपोर्ट तैयार कर राजस्व विभाग को भेजी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय का माहौल है, उनका कहना है कि अगर यह हादसा रात में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।