Kanpur: किशोरी वाटिका जमीन विवाद, जांच के लिए पहुंची दो सदस्यीय शासन की टीम, शासन को देगी रिपोर्ट
Kanpur News: साकेतनगर स्थित किशोरी वाटिका जमीन आवंटन विवाद में हाईकोर्ट द्वारा गठित दो सदस्यीय टीम ने केडीए अधिकारियों के साथ जांच शुरू की है। इसके बाद वे अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे।
विस्तार
कानपुर में किशोरी वाटिका को जमीन आवंटित करने के मामले में हाईकोर्ट की ओर से गठित दो सदस्यीय टीम बुधवार को साकेतनगर पहुंची। इस दौरान केडीए के अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच पड़ताल के बाद टीम शासन को रिपोर्ट देगी, इसके बाद हाईकोर्ट में जवाब दाखिल होगा।
किशोरी वाटिका से सटे पार्क के मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर शासन ने आवास आयुक्त बलकार सिंह और विशेष सचिव आवास एवं शहरी योजना राजेश राय की संयुक्त कमेटी गठित की थी। अब कमेटी के दोनों अधिकारी किशोरी वाटिका से सटे पार्क पहुंचे हैं। इसके बाद बृज किशोरी दुबे मेमोरियल स्कूल की जमीन को भी देखने जा सकते हैं। इस दौरान उनके साथ केडीए के बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
निर्माण 1998 से पहले का बताया गया
इससे पहले गुरुवार को केडीए जोन तीन विक्रय विभाग के प्रभारी व विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला, मुख्य अभियंता आरआरपी सिंह, जोन तीन के प्रवर्तन प्रभारी अतुल राय, प्रभारी अभियंता (सिविल) माधवी सहित ने लखनऊ स्थित आवास विकास परिषद मुख्यालय किशोरी वाटिका के आवंटन, नक्शा सहित अन्य कागज साैंपे थे। निर्माण 1998 से पहले का बताया गया। टीम के सदस्य लीज खत्म होने के बाद पार्क खाली न करा पाने का कारण नहीं बता पाए थे।