Kanpur: हाई प्रोफाइल जिस्मफरोशी रैकेट का भंडाफोड़, कई नामी समेत 19 होटलों से जुड़े तार, छह युवतियाें को पकड़ा
Kanpur News: कानपुर पुलिस ने 19 होटलों में छापेमारी कर एक बड़े जिस्मफरोशी रैकेट का पर्दाफाश किया है। मुख्य आरोपी यू-ट्यूबर रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक दरोगा की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
विस्तार
कानपुर कमिश्नरी पुलिस ने शहर में चल रहे जिस्मफरोशी रैकेट का भंडाफोड़ किया। शुक्रवार देर रात स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और कल्याणपुर पुलिस ने बर्रा, कल्याणपुर, रावतपुर, सीसामऊ समेत अन्य क्षेत्रों के 19 होटलों में दबिश दी। यहां से पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम की छह युवतियां मिली हैं। युवतियों को बुकिंग पर भेजने के आरोपी कल्याणपुर निवासी रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया है।
मामले में एक दरोगा के आरोपी से मिलीभगत करने के आरोप में जांच शुरू की गई है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि शहर में जिस्मफरोशी रैकेट संचालित होने की कई दिनों से सूचना मिल रही थी। इस बीच एक युवती ने कल्याणपुर के युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया में वायरल करने का आरोप लगाया। मामले की जांच एडीसीपी शिवा सिंह से कराई गई।
होटलों में दबिश के दौरान आधा दर्जन युवतियां मिलीं
उनकी जांच में पता चला कि युवती पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। उसे कल्याणपुर निवासी रोहित वर्मा देह व्यापार के लिए शहर लाया था। रोहित उसे दूसरे नाम से और अपनी आईडी पर होटलों में ठहराता था। शिवा सिंह की जांच के बाद एडीसीपी एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके ने कल्याणपुर पुलिस के साथ मिलकर कई होटलों में दबिश दी। इस दौरान पश्चिम बंगाल, झारखंड और असम की आधा दर्जन युवतियां मिलीं।
आरोपी रोहित वर्मा यू-ट्यूबर है
रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर पहले ही पॉक्सो समेत अन्य मामलों में एफआईआर है। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी का सहयोग करने और होटल संचालकों से जान पहचान कराने में सीसामऊ थाने के एक एसआई का नाम भी सामने आया है। उसके खिलाफ जांच की जा रही है। आरोपी रोहित वर्मा यू-ट्यूबर है। खुद को एक चैनल से जुड़ा बताता है।
