UP: कानपुर के दो लोगों की जिंदा जलकर मौत! हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी कार
Kanpur Dehat News: कानपुर-इटावा हाईवे पर मुंगीसापुर के भड़पुरा मोड़ के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार दोनों लोग बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर-इटावा हाईवे पर रविवार देर रात को एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां अनियंत्रित होकर एक तेज रफ्तार कार हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में चंद सेकेंडों के भीतर ही भयंकर आग लग गई।
कार का सेंट्रल लॉक सिस्टम जाम हो जाने के कारण उसमें सवार 2 लोग बाहर नहीं निकल सके और दोनों की कार के भीतर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मृतकों की शिनाख्त कर ली है, जो कानपुर नगर के रहने वाले थे।
भड़पुरा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलटी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा रविवार देर रात करीब 1 बजे के आसपास कानपुर-इटावा हाईवे पर मुंगीसापुर के भड़पुरा मोड़ के पास हुआ। एक तेज रफ्तार फॉक्सवैगन वेंटो कार औरैया की तरफ से कानपुर की ओर आ रही थी।
जैसे ही कार भड़पुरा मोड़ के पास पहुंची, अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और कार पूरी रफ्तार के साथ सीधे डिवाइडर से जा टकराई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इंजन में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से तुरंत लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई और उसमें बैठे दोनों यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
सीओ और थाना प्रभारी ने दमकल कर्मियों के साथ बुझाई आग
हाईवे पर धू-धू कर जलती कार को देखकर राहगीरों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही सीओ डेरापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह और सिकंदरा/मुंगीसापुर क्षेत्र के थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग की गाड़ी को मौके पर बुलाया और राहत कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की मदद से जब तक कार में लगी भीषण आग को पूरी तरह से बुझाया गया, तब तक कार के अंदर मौजूद दोनों व्यक्ति पूरी तरह से कंकाल बन चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गुजैनी इलाके के रहने वाले थे दोनों मृतक, परिवारों में कोहराम
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला था कि दुर्घटनाग्रस्त दिल्ली नंबर की यह वेंटो कार समीर सिंह पुत्र संजीव सिंह, निवासी आरके पुरम, नई दिल्ली के नाम पर पंजीकृत है। शव पूरी तरह से जल जाने के कारण शुरुआत में शिनाख्त करने में काफी मुश्किलें आ रही थीं, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और गाड़ी के चेसिस नंबर के आधार पर अब दोनों मृतकों की पुख्ता शिनाख्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पहले मृतक की पहचान 22 वर्षीय ओम शुक्ला पुत्र राजू शुक्ला उर्फ राजीव शुक्ला के रूप में हुई है, जो तात्या टोपे नगर, थाना गुजैनी, कानपुर नगर के रहने वाले थे। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान 40 वर्षीय गुरुप्रीत सिंह ढिल्लो पुत्र अजीत सिंह के रूप में हुई है, जो मेहरबान सिंह का पुरवा, थाना गुजैनी, कानपुर नगर के निवासी थे।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त होने के बाद कानपुर में उनके परिजनों को इस भयावह हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि कार में इतनी भीषण आग लगने की स्पष्ट वजह क्या थी, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।