Kanpur Dehat: मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत, घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, जांच शुरू
Kanpur Dehat News: रसूलाबाद थाना क्षेत्र के गहदेवा गांव में गुरुवार सुबह घर के बाहर साइकिल पर खेल रहे छह वर्षीय मासूम को मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर देहात में रसूलाबाद थाना क्षेत्र के गहदेवा में गुरुवार सुबह घर के बाहर बड़े भाई के साथ साइकिल पर बैठकर खेल रहे मासूम को मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल मासूम को परिजन सीएचसी ककवन लेकर आए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गहदेवा निवासी प्रेमशंकर ने बताया कि बेटा किशन (6) गुरुवार सुबह घर के बाहर सड़क किनारे बडे बेटे सुमित के साथ खेल रहा था। वह पास में खड़ी साइकिल पर बैठा था। इसी बीच ककवन की ओर से आए तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे किशन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बड़ा बेटा बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया
घायल बेटे को सीएचसी लेकर आए, यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर पिता, मां आशा, भाई सुमित, अमित, बहन प्रियंका, निशा बिलखती रही। पिता ने बताया कि तीन बेटों में किशन दूसरे नंबर का था। इधर हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस हादसे की जांच की। थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।