कानपुर देहात हादसा: निजी बस ने मोपेड को मारी टक्कर, ड्यूटी पर जा रहा होमगार्ड घायल, रिश्तेदार ने तोड़ा दम
Kanpur Dehat News: कानपुर-झांसी हाईवे पर डीघ गांव के पास रविवार सुबह एक अनियंत्रित निजी बस ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ड्यूटी पर जा रहे 50 वर्षीय होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मोपेड पर सवार 55 वर्षीय रिश्तेदार की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
कानपुर देहात में कानपुर-झांसी हाईवे पर डीघ गांव के समीप रविवार सुबह निजी बस की टक्कर से मोपेड सवार होमगार्ड रामआसरे (50) घायल हो गए, जबकि उनके साथ जा रहे रिश्तेदार की मौत हो गई। पुलिस ने घायल होमगार्ड को देवीपुर सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रामआसरे रविवार सुबह करीब आठ बजे गिरदौं से मोपेड पर जिला मुख्यालय में ड्यूटी करने जा रहे थे। उनके साथ डेरापुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी रिश्तेदार मातादीन (55) भी थे। डीघ गांव के पास लिंक रोड से कानपुर-झांसी हाईवे पर मुड़ते समय झांसी की ओर से आ रही निजी बस ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड चला रहे रामआसरे घायल हो गए, जबकि उनके रिश्तेदार की मौत हो गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर देवीपुर चौकी इंचार्ज अतेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से घायल को देवीपुर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. विकास कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज अतेंद्र कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान मातादीन निवासी तिवारीपुर के रूप में बताई गई है। परिजनों के आने पर पहचान की पुष्टि की जाएगी।