Kanpur: स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्लेटफार्मों की बढ़ी चौकसी, RPF ने चलाया जांच अभियान, जवानों की छुट्टियां रद्द
Kanpur News: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर कर दी गई है, जिसके तहत आरपीएफ ने डॉग स्क्वायड के साथ प्लेटफार्मों, वेटिंग हॉल और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया।
विस्तार
आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। स्टेशन परिसर को 'हाई अलर्ट' पर रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों को देखते हुए आरपीएफ जवानों की छुट्टियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
संवेदनशील स्थानों पर चला सर्च ऑपरेशन
आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा ने कैंट साइड से लेकर सिटी साइड तक स्टेशन के सभी संवेदनशील स्थलों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान आरपीएफ और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्मों, वेटिंग हॉल, पार्सल घर, सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन पर रुकने वाली प्रमुख ट्रेनों के अंदर चेकिंग की। यात्रियों के सामान की भी स्कैनिंग की गई।
कुलियों और वेंडरों को बनाया सुरक्षा तंत्र का हिस्सा
सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के उद्देश्य से आरपीएफ ने स्टेशन पर तैनात अधिकृत कुलियों और वेंडरों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने उनसे अपील की कि वे स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या लावारिस सामान को देखते ही तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को सूचित करें।
विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगा अवकाश
आरपीएफ थाना प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सभी जवानों की सामान्य छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति के बाद अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरों से भी 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।