Kanpur: घर से निकले प्लंबर का खेत में मिला शव, अंगौछे से गला घोंटकर हत्या, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: घाटमपुर में एक प्लंबर का शव उनके घर से कुछ दूर खेत में मिला। उनकी अंगौछे से गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके से सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में एक दिन पहले घर से निकले प्लंबर का शव बुधवार देर शाम गांव से कुछ दूर खेत में पड़ा मिला। उसकी अंगौछे से गला घोंटकर हत्या की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
बरनाव मोड़ निवासी राकेश कुरील (45) प्लंबर का काम करता था। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह घर से कानपुर के लिए ड्यूटी जाने को कहकर निकला था।मंगलवार की शाम को वह वापस घर नहीं लौटा, तो पत्नी ने उन्हें फोन मिलाया तो बताया कि वह थोड़ी देर में घर आ जाएंगे। इसके बाद से मोबाइल फोन बंद बताने लगा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने खेत में युवक का शव पड़ा देखा, तो परिजनो को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनो ने फोनकर पुलिस को युवक की हत्या की आशंका जताते हुए सूचना दी। जानकारी मिलते मौके पर एसीपी कृष्णकांत समेत पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कई संदिग्धों से की जा रही पूछताछ
थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि गला दबाकर हत्या की गई है। शव पर चोट के निशान नहीं हैं। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मृतक की पत्नी अनीता समेत दो बेटियां प्रज्ञा, प्रांशी व एक बेटा प्रांशु का रो-रोकर बुरा हाल है।