Kanpur Boat Club: बोट क्लब पर शुरू हुआ नौकायन का परीक्षण, गंगा आरती और मार्च पास्ट ने किया आकर्षित
कानपुर गंगा बैराज पर शनिवार से बोट क्लब का ट्रायल शुरू हो गया। यहां नौकायन और जल क्रीडाओं का परीक्षण किया गया। बता दें कि बोट क्लब में जलक्रीड़ा का रोमांच तो मिलेगा ही, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी तैयार किए जाएंगे।
विस्तार
कानपुर में गंगा बैराज स्थित बोट क्लब पर शनिवार शाम चार बजे से रंगीन रोशनी के बीच गंगा की लहरों पर नया रोमांच देखने को मिला। इस दौरान विभिन्न प्रदेश से आए 56 खिलाड़ी और प्रशिक्षक यहां पर होने वाले नौकायन व जल क्रीडाओं का परीक्षण किया। इससे यह पता चल सके कि बैराज पर गंगा में जल क्रीडाओं को शुरू करने के लिए और क्या-क्या सुरक्षा व्यवस्थाएं जरूरी हैं।
बता दें कि शाम को चार बजे कार्यक्रम की शुरुआत गंगा आरती और पूजन से हुई। राष्ट्रगान के बाद पीएसी बैंड की धुन पर नौकाओं को गंगा में उतारा गया। 20 विदेशी नौकाओं के साथ छह राफ्ट और झंडों से सजी 15 देशी नावों ने मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर शहर के उद्यमी, शिक्षाविद, चिकित्सक, कारोबारी व इंजीनियर्स, जनप्रतिनिधि सहित 150 विशिष्ट लोग उपस्थित रहे। दो दौर के ट्रायल के बाद इस रोमांचकारी खेल आनंद लेने के लिए शहरवासियों को भी प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इसकाउद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया।
मंडलायुक्त डा. राजशेखर के दिशा निर्देशन में हो रहे इस कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए शुक्रवार को इसकी तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई। मंडलायुक्त के अनुसार महानगर में पहली बार इस तरह के आयोजन के लिए ओलंपिक और अन्य राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खेल संस्थाओं से जुड़े लोगों की मदद ली गई है। बैठक जिलाधिकारी विशाख जी, केडीए वीसी अरविंद सिंह, नगर आयुक्त शिव शरणप्पा व बोट क्लब सचिव नीरज श्रीवास्तव मौजूद रहे।
- विशेषज्ञ खिलाड़ियों की तरफ से राफ्ट बोट का मार्च पास्ट
- ड्रैगन बोट व मोटर बोट से पर्यटक राइड का प्रदर्शन
- वाटर स्कीइंग,मोटर बोट में कयाक बोट को रस्सी से बांधकर रेस लगाना
यह भी जानें
15 दिन बाद फिर से विशेषज्ञ इसी तरह का करेंगे परीक्षण। परीक्षण में बताएंगे कि यहां पर क्या खामियां हैं, जिसे ठीक कर व्यवस्था और बेहतर कर सकते हैं। यही नहीं, बोट क्लब में आगे चलकर सदस्य बनाए जाएंगे, जिससे यहां पर होने वाली व्यवस्थाओं को क्लब के माध्यम से ठीक किया जा सके। शुरुआत में कुछ घंटे या दिन के हिसाब से यह लोगों के लिए फ्री भी किया जाएगा, लेकिन बाद में शुल्क लगेगा।
बोट क्लब लोगो का विमोचन
बोट क्लब पर नौकायन परीक्षण की शुरुआत से पहले शुक्रवार को मंडलायुक्त और अन्य अधिकारियों के बीच बोट क्लब लोगो वाटर स्पोर्टस रिवर लाइफ एंड द नेचर का विमोचन किया गया।