Kanpur: मसाला फैक्टरी में हादसा, करंट की चपेट में आने से बिहार के युवक की मौत; पुलिस जांच में जुटी
Kanpur News: पनकी थाना क्षेत्र के साइट वन स्थित एक मसाला फैक्टरी में काम करने के दौरान बिहार निवासी युवक दीपक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
पनकी थाना क्षेत्र के साइट वन स्थित एक मसाला फैक्टरी में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। फैक्टरी में काम करने के दौरान बिहार निवासी एक युवक अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद फैक्टरी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पनकी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
दो साल से भाई के साथ कर रहा था काम
जानकारी के मुताबिक, बिहार का रहने वाला दीपक (22) बीते दो वर्षों से अपने भाई सोना के साथ पनकी साइट वन स्थित मसाला फैक्टरी में काम कर रहा था। दोनों भाई फैक्टरी परिसर में बने सर्वेंट क्वार्टर में ही रहते थे। शनिवार को दीपक फैक्टरी के अंदर रोजाना की तरह काम कर रहा था, तभी अचानक वह बिजली के नंगे तार या उपकरण के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आ गया। दीपक को तड़पता देख मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने आनन-फानन में बिजली की सप्लाई बंद कर उसे अलग किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पनकी थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।