अंजना मल्होत्रा हत्याकांड: कारोबारी से दरोगा ने रिश्वत लेकर किया था सौदा, हत्या के बाद ऑनलाइन खरीदा था मोबाइल
अंजना मल्होत्रा हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही सामने आई थी। जांच में सामने आया था कि दरोगा ने की थी खानापूर्ति की और अफसर इससे बेखबर रहे। वहीं, दरोगा जेएस परिहार कारोबारी से यारी में निलंबित हुआ था। इस मामले में अब हुआ चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्याकांड के बाद दरोगा ने आरोपी से अपने नाम ऑनलाइन मोबाइल खरीदा था।
विस्तार
अंजना मल्होत्रा हत्याकांड में एक बड़ा खुलासा हुआ है। हत्यारोपी कारोबारी के यार दरोगा जेएस परिहार ने हत्याकांड को रफादफा करने के लिए हत्यारोपी से मोबाइल का सौदा किया था। हत्यारोपी कारोबारी ने दरोगा के नाम से ऑन लाइन मोबाइल की खरीदारी की थी। अब यह अहम तथ्य सामने आया है।
कौशलपुर निवासी क्रॉकरी कारोबारी की पत्नी अंजना मल्होत्रा 22 दिसंबर 2021 की रात लापता हो गई थीं। 10 जनवरी 2022 को पुलिस ने खुलासा किया था कि अंजना के लापता होने की रात को ही उसके पति सुलभ ने उनकी हत्या कर दी थी। शव फतेहपुर औंग में नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने सुलभ, उसकी प्रेमिका, प्रेमिका के पिता को जेल भेजा था। इस खुलासे के बाद नजीराबाद थाने के दरोगा जेएस परिहार की सुलभ से दोस्ती का पता चला तो दरोगा को भी निलंबित कर दिया गया था। दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। सूत्रों के मुताबिक हत्याकांड के बाद दरोगा ने रिश्वत के तौर पर हत्यारोपी से 12-15 हजार रुपये कीमत का मोबाइल लिया था। इसलिए दरोगा सुलभ को बचाने का प्रयास कर रहा था।
दरोगा के साथ की थी पार्टी
सुलभ ने हत्या के बाद पत्नी का शव रायपुरवा में प्रेमिका के घर रख था। इसके बाद दरोगा जेएस परिहार के साथ एक रेस्टोरेंट में पार्टी की थी। पार्टी खत्म होने के बाद प्रेमिका के घर से शव ले जाकर नदी में ठिकाने लगाया था।
क्या साजिश में शामिल है दरोगा, दर्ज होगा केस?
हत्याकांड में दरोगा जेएस परिहार की भूमिका संदिग्ध है। तथ्यों में दरोगा के हत्याकांड में शामिल होने की आशंका है। इसकी पुष्टि हुई, तो दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के अलावा केस भी दर्ज हो सकता है। दरोगा पर एक अपराधी को फरार करवाने का भी आरोप था।
नया तथ्य अभी तक जानकारी में नहीं था, इसलिए तथ्य का परीक्षण कराया जाएगा। अगर वह साजिश में शामिल पाया गया तो, कानूनी कार्रवाई भी होगी। -आनंद प्रकाश तिवारी, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था