Kanpur: चोरियों के बाद ग्रामीणों ने संभाली सुरक्षा जिम्मेदारी, लाठी-डंडा लेकर दे रहे पहरा, हर संदिग्ध पर नजर
Kanpur News: महाराजपुर और नरवल क्षेत्र के ग्रामीणों ने लगातार चोरियों के बाद रात में खुद घरों की सुरक्षा करना शुरू कर दिया है। अब चौपालें केवल सामाजिक बैठकों का स्थल नहीं, बल्कि ग्रामीणों की पहरेदारी की जगह बन गई हैं।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर और नरवल क्षेत्र के ग्रामीण लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से भयभीत हैं और अब अपने घरों की सुरक्षा खुद संभालने पर मजबूर हो गए हैं। बीते 20 दिन में दर्जन भर से अधिक चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों को ऐसा कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों में जीवनभर की कमाई के कुछ सोने-चांदी के आभूषण ही सुरक्षित रहते हैं।
यदि चोर उन पर हाथ डाल दें तो उनका जीवन संकट में पड़ जाएगा। इसी वजह से अब रात में वे लाठी-डंडे से लैस होकर घरों की पहरेदारी कर रहे हैं। चोरी की घटनाओं के बाद सोशल मीडिया में अफवाहों का बाजार भी गर्म हो गया है। ग्रामीण अपने रिश्तेदारों को सचेत कर रहे हैं कि रात में अजनबी व्यक्तियों को देखकर वे आक्रामक हो जाते हैं और बिना सोचे-समझे उनकी मारपीट भी कर सकते हैं।
सुरक्षा के लिए खुद जागरूक होना पड़ा
इस वजह से गांव में फेरीवाला, कबाड़ी और यहां तक कि सब्जी बेचने वाले भी ग्रामीणों की शक की निगाहों में आ रहे हैं। स्थानीय पुलिस का कहना है कि वे नियमित गश्त कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का भरोसा अब केवल अपनी खुद की सुरक्षा पर है। ग्रामीणों का यह कदम दिखाता है कि सुरक्षा का संकट किस हद तक बढ़ चुका है और अब आमजन को अपने घरों और परिवारों की सुरक्षा के लिए खुद जागरूक होना पड़ रहा है।