Kanpur: उगाही और नाबालिगों से मारपीट में दो दरोगा समेत एक सिपाही निलंबित, पढ़ें पूरा मामला
यूपी के कानपुर में एसपी आउटर ने तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। उगाही और नाबालिगों से मारपीट के मामले में दो दरोगा और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
विस्तार
कानपुर के बिधनू में उगाही और नाबालिगों से मारपीट की शिकायत पर एसपी आउटर ने मंगलवार रात थाने और खडेसर चौकी में तैनात दो दरोगा और एक सिपाही को निलंबित कर दिया है। कठेरुआ गांव निवासी महेंद्र कुशवाह हाईवे पर गाड़ियों की धुलाई का काम करते हैं। बीती नौ सितंबर की रात खड़ेसर चौकी में तैनात दारोगा सौरभ कुमार और सिपाही प्रवीण कुमार धुलाई सेंटर पहुंचकर रुपये मांगने लगे।
विरोध पर दारोगा और सिपाही ने महेंद्र को जमकर पीटा। जिसकी शिकायत महेंद्र ने सोमवार को एसपी आउटर तेजस्वरूप सिंह से की। एसपी आउटर ने थाना प्रभारी को मामले की जांचकर रिपोर्ट देने को कहा। एसपी आउटर से शिकायत पर आरोपी दारोगा सौरभ, सिपाही प्रवीण और बिधनू थाने में तैनात दरोगा अनूप कुमार मंगलवार रात निजी कार से धुलाई सेंटर पहुंचे। जहां गाली-गलौज करते हुए महेंद्र को पीटना शुरू कर दिया। जिसपर महेंद्र के बेटे विशाल (15), मोहित (13), मां समेत बचाने दौड़े।
आरोपी दोनों दारोगा और सिपाही ने दोनों नाबालिगों को जमकर पीटने के बाद जबरन कार में भरकर थाने ले गए। जिसपर महेंद्र ने घटना की जानकारी थाना प्रभारी को दी। थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते एसपी आउटर को मामले की जानकारी दी। दोनों नाबालिगों को थाने लेकर पहुंचे दोनों दारोगा और सिपाही को थाना प्रभारी ने जमकर फटकार लगाई। मंगलवार रात एसपी आउटर ने आरोपी दारोगा सौरभ, अनूप और सिपाही प्रवीण को निलंबित कर दिया। इस मामले की विभागीय जांच सीओ सुभाष दुबे को दी गयी है।