कानपुर: फ्लैटेड फैक्टरी में लगीं 15 इकाइयां, टेस्टिंग लैब भी जल्द खुलेगी, उत्पादों का होगा परीक्षण, MoU साइन
Kanpur News: दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में बनी फ्लैटेड फैक्टरी में उद्योग-धंधों ने रफ्तार पकड़ ली है। फैक्टरी में टेक्सटाइल, लेदर और प्रिंटिंग से जुड़ी 15 इकाइयों ने अपना काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, भारत सरकार के उपक्रम नेशनल टेस्टिंग हाउस के सहयोग से यहां प्रदेश की पहली अत्याधुनिक इंडस्ट्रियल टेस्टिंग लैब भी खुलने जा रही है।
विस्तार
कानपुर शहर के दादानगर औद्योगिक क्षेत्र में शहर की पहली फ्लैटेड फैक्टरी में 15 इकाइयों ने काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा यहां पर जल्द ही टेस्टिंग लैब भी खुलने वाली है। इससे चमड़ा, होजरी, मैटेलिक समेत अलग-अलग उत्पादों का परीक्षण भी कराया जा सकेगा। इसके लिए भारत सरकार का उपक्रम नेशनल टेस्टिंग हाउस यहां पर परीक्षण शाला लगाएगा। एमओयू भी कर लिया गया है।
यह प्रदेश में पहली परीक्षण शाला होगी। फ्लैटेड फैक्टरी में भूतल के अलावा चार मंजिला इमारत बनाई गई है। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से इसे तैयार किया गया है। फैक्टरी में घुड़सवारों के लिए बनाए जाने वाले कपड़ा उत्पादों के साथ ही चमड़ा उत्पादों को बनाने की अलग-अलग 10 इकाइयों ने काम शुरू कर दिया है। प्रिंटिंग इकाइयों का भी काम चालू हो गया है।
प्रदेश में यह पहली परीक्षणशाला होगी
होजरी, रेडीमेड इकाइयों के अलावा व्हाइट गुड्स इकाइयों का भी जल्द काम शुरू हो सकेगा। फैक्टरी में 150 इकाइयों की आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यूपीएसआईसी के अधीक्षण अभियंता प्रभात कुमार बाजपेई ने बताया कि फैक्टरी में परीक्षणशाला भी खोली जा रही है। इसके लिए नेशनल टेस्टिंग हाउस के साथ एमओयू किया जा चुका है। प्रदेश में यह पहली परीक्षणशाला होगी। इसमें सभी प्रकार के औद्योगिक उत्पादों का परीक्षण कराया जा सकेगा।
फ्लैटेड फैक्टरी में तेजी से खुलने लगी हैं इकाइयां
तमाम उत्पादों के परीक्षण के लिए उन्हें दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, गुजरात और चेन्नई स्थित परीक्षणशाला में नहीं भेजना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि टेक्सटाइल की आठ और चमड़ा से जुड़ी दो समेत 15 इकाइयों ने काम शुरू कर दिया है। वहीं, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह ने बताया कि फ्लैटेड फैक्टरी में तेजी से इकाइयां खुलने लगी हैं। यह शहर के औद्योगिक क्षेत्र के लिए बेहद सकारात्मक है। अगले कुछ समय में फ्लैटेड फैक्टरी उद्यमिता के लिए बेहद महत्वपूर्ण केंद्र होगा।
यह होती है फ्लैटेड फैक्टरी
इस प्रकार की इकाई में उद्योग के अनुरूप मशीनें लगाई जाती हैं। सभी आधारभूत सुविधाओं के अलावा बिना प्रदूषण वाली इकाइयां स्थापित होती हैं। अभी तक पहले उद्यमियों को प्लाट दिया जाता था। इसके बाद वह अपने उद्योग के अनुरूप सेटअप तैयार करते थे।