Kannauj: किसान की काली नदी में डूबकर मौत, खेत में सिंचाई करने गया था, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजन बेहाल
Kannauj News: छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में एक किसान की काली नदी में डूबकर मौत हो गई। वो मक्का की फसल में सिंचाई करने गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
कन्नौज जिले में छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम विजय नगला निवासी एक 40 वर्षीय मजदूर की काली नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वह क्षेत्र के ही ग्राम उधरनपुर में बटाई पर ली गई जमीन पर मक्का की फसल में पानी लगाने गया था। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम विजय नगला निवासी उपदेश वर्मा (40) पुत्र बेचेलाल वर्मा भूमिहीन था। वह ग्राम उधर मपुर में बटाई पर खेत लेकर खेती-बाड़ी और मजदूरी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार को उपदेश मक्का की फसल में पानी लगाने के लिए गया हुआ था। सिंचाई के लिए काली नदी से पानी लेने के दौरान वह नदी में उतरे, लेकिन पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण वह अचानक गहरे पानी में चले गए।
ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला
उपदेश को नदी में डूबता देख आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद उपदेश को नदी के गहरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। नदी से बाहर निकाले जाने तक उपदेश की सांसें थम चुकी थीं। मृतक उपदेश अपने पीछे पत्नी के अलावा बेटी स्वाति (17) और बेटे अमन (15) को छोड़ गया है।
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
जैसे ही उपदेश की मौत की खबर उनके गांव विजय नगला पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।