Kannauj Accident: किसान को डीसीएम ने रौंदा…मौत, 50 मीटर तक घिसटा, सब्जी बेचने जा रहा था मंडी, परिजन बेहाल
Kannauj News: तेराजाकेट कस्बे में मंडी में सब्जी बेचने जा रहे किसान को डीसीएम ने रौंद डालाञ हादसे में किसान ट्रक और डीसीएम के बीच में फंसकर 50 मीटर तक घिसटता चला गया।
विस्तार
कन्नौज जिले के तेराजाकेट में किसान को पीछे से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम ने टक्कर मारी दी। आगे चल रहे ट्रक और डीसीएम के बीच में बाइक समेत किसान फंस गया। ट्रक और डीसीएम चालक मौके पर ही अपने-अपने वाहनों को छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रजलामऊ निवासी बृजकिशोर शाक्य का पुत्र नीलेश शाक्य (32) सुबह तीन बजे मिर्ची की बोरी बाइक में बांधकर सब्जी मंडी में बेचने के लिए निकला था। एनएच 34 हाईवे पर नीलेश आगे चल रहे ट्रक के पीछे चल रहा था। ट्रक के आगे पिकअप चल रही थी। मामा होटल से पहले ट्रक चालक ने पिकअप में टक्कर मारी, जो हाईवे की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई।
इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम के चालक ने किसान की बाइक में टक्कर मारते हुए ट्रक में टक्कर मारी दी। बाइक सवार किसान ट्रक और डीसीएम के बीच में फंसकर 50 मीटर तक दबा हुआ चला गया। ट्रक और डीसीएम के चालक अपने-अपने वाहनों को रोककर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसान को एम्बुलेंस से अस्पताल में भिजवाया, जहां डॉक्टर ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
एक बेटा और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया
रजलामऊ निवासी बृजकिशोर शाक्य के ज्येष्ठ पुत्र नीलेश की मृत्यु से परिवार में संकट खड़ा हो गया है। छोटा पुत्र दीपक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी कर रहा है। मृतक नीलेश का पुत्र दिव्यांशु (10) और पुत्री अंशिका (7) के सिर से पिता का साया उठ गया है। छोटे-छोटे बच्चों के साथ पत्नी हेमलता, मां सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।