Irfan Solanki Case: विधायक का करीबी हिस्ट्रीशीटर बिल्डर गिरफ्तार, रिजवान के साथ करता है प्रॉपर्टी का काम
सपा विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं, क्योंकि उनके करीबियों पर भी पुलिस शिकंजा कस रही है। अब पुलिस ने इरफान के करीबी बिल्डर को गिरफ्तार किया है, जो मूलरूप से फतेहपुर का रहने वाला है।
विस्तार
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी के करीबियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। रविवार को जाजमऊ पुलिस ने इरफान के करीबी बिल्डर एजाज उर्फ अज्जन को तिलकनगर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। आरोपी फतेहपुर कोतवाली से हिस्ट्रीशीटर भी है। जाजमऊ में नजीर फातिमा के घर आगजनी के मामले की जांच में जुटे इंस्पेक्टर अशोक दुबे रविवार को बिल्डर व हिस्ट्रीशीटर एजाज के आवास पर पहुंचे।
यहां एजाज से घंटों पूछताछ करने के बाद अपने साथ ले गए। एजाज मूलरूप से फतेहपुर का रहने वाला है। हिस्ट्रीशीटर भी है।इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस के पास पर्याप्त सबूत हैं जो अग्निकांड में शामिल होने की ओर इशारा कर रहे हैं। देर शाम एजाज को जेल भेज दिया।
जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी इरफान सोलंकी के गिरोह में शामिल है। जमीन कब्जाने और खरीदने बेचने में संलिप्त रहता है। उसने अवैध रूप से कई संपत्तियां अर्जित की हैं। वह फतेहपुर के कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
रिजवान के साथ मिलकर करता है प्रॉपर्टी का काम
सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिया गया एजाज विधायक के भाई रिजवान के साथ मिलकर प्रापर्टी की खरीद फरोख्त का काम करता है। एजाज का कैंट के बेबीज कपाउंड में भी एक मकान है। एजाज का भाई फतेहपुर में नगर निकाय का चेयरमैन रहा है।
करीब डेढ़ दो साल पहले एजाज का भाई तब चर्चा में आया था, जब उसने एक भाजपा नेता के गनर के साथ अभद्रता की थी। मामले में तत्कालीन एडीजी प्रयागराज प्रेम प्रकाश ने एजाज के भाई पर गैंगस्टर तामील कराई थी। साथ ही उस पर कार्रवाई की गई थी।