“मौत की ट्रैक्टर ट्रॉली”: बाइक को टक्कर मार ट्राली समेत पलटा ट्रैक्टर, मासूम की मौत और 20 गंभीर घायल
उत्तर प्रदेश में ट्रैक्टर-ट्राली हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। लखनऊ, लखीमपुर, कानपुर और कासगंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसे हुए। ताजा मामला बांदा जिले का है, जहां ट्राली समेत ट्रैक्टर पलटने से एक मासूम की मौत हो गई। वहीं, 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले के नरैनी में देवी पूजन (दहिनवारा) से लौटते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्राली समेत पलट गया। ट्राली के नीचे दबकर एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद 16 गंभीर घायलों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव के पास हुई। सीमावर्ती मध्य प्रदेश के गोयरा (छतरपुर) गांव निवासी अनुज पुत्र स्वर्गीय कल्लू का सोमवार को दहिनवारा था। बाबा चंद्रपाल सेन के ट्रैक्टर ट्राली पर परिजनों और रिश्तेदारों को लेकर मुकेरा (नरैनी) गांव निवासी बाबूलाल सेन के घर पहुंचा था। रस्में पूरी होने के बाद मंगलवार को दोपहर सभी वापस गांव गोयरा लौट रहे थे।
पनगरा गांव के पास आगे चल रहे बाइक सवार को बचाने में चालक ट्रैक्टर की स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो बैठा। ट्राली समेत ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। चीख-पुकार शुरू हो गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने ट्राली के नीचे दबे लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला।
अनुज के फुफेरे भाई अंश पुत्र रामबाबू निवासी कबरई (महोबा) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को एम्बुलेंस और पुलिस ने अपने वाहनों से सीएचसी पहुंचाया। डॉ.स्वाती मिश्रा ने घायलों का इलाज किया। विधायक ओममणि वर्मा और सीओ नितिन कुमार व कोतवाली इंस्पेक्टर मनोज कुमार शुक्ल ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
हादसे में बाइक सवार दंपती समेत तीन घायल
ट्रैक्टर की टक्कर लगने से बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। उन्हें भी सीएचसी से मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पनगरा गांव निवासी सोनू यादव अपनी पत्नी व मौसेरी बहन अंकिता को बाइक में बैठाकर खत्री पहाड़ जा रहा था। तभी ट्रैक्टर ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। घायलों को मुताबिक ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था। बहुत तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था।