Chitrakoot: सरसों के खेत में मिला मासूम का शव, परिजन बोले- खेलते समय हुआ था गायब, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Chitrakoot News: सुरसेन गांव में एक मासूम का शव सरसों के खेत में पड़ा मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस और डॉग स्कवायड ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं। पोस्टमार्टम के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
चित्रकूट जिले में सरधुवा थाना क्षेत्र के सुरसेन गांव में एक मासूम का शव सरसों के खेत में मिलने से सनसनी फ़ैल गई। पीड़ित परिवार ने सरधुवा थाने में एक तहरीर सौंप दी है। बता दें कि बुधवार दोपहर एक बजे बालक समीर (4) पुत्र रसीद निवासी सुरसेन अपने घर के पास अपनी बहन व पड़ोसी बच्चों के साथ खेल रहा था।
तभी बालक अचानक गायब हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने देर शाम सरधुवा थाने में बालक के गुम होने की एक लिखित तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक जेपी उपाध्याय अपने हमराही पुलिस बल के साथ गांव के आसपास देर रात तक काफी खोजबीन करते रहे, लेकिन असफल रहे।
गुरुवार को सुबह डॉग स्क्वायड के साथ क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक सरधुवा जेपी उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान गांव के पास ही एक सरसों के खेत में बालक समीर की लाश पड़ी हुई मिली। लाश मिलने से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार होगी कानूनी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि एक मासूम बालक की सरधुवा थाना क्षेत्र के सुरसेन गांव के पास सरसों के खेत में लाश मिली हैं,जिसका नाम परिजनों के द्वारा समीर बताया गया है। मृतक बालक एक पैजामा व शर्ट पहने था। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।