IND A vs AUS A: पिच क्यूरेटर और ग्राउंड्स मैन की मेहनत से तय समय पर शुरू हुआ मैच
पिच क्यूरेटर और मैदान के कर्मियों ने रात में 3 घंटे कड़ी मेहनत कर मैदान को खेलने लायक बनाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्रीनपार्क में पिच क्यूरेटर और ग्राउंड्स मैन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी मुश्किल को मात दी जा सकती है। मंगलवार को भारत-आस्ट्रेलिया ए का पहला वनडे लगातार बारिश से नहीं हो सका था। वहीं बीसीसीआई की ओर से दूसरे दिन बुधवार को मैच कराने का फैसला आने के बाद वेन्यू डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर और उनकी टीम ने रातभर जागकर मैदान को खेलने योग्य बनाया और बुधवार को तय समय पर मैच शुरू हुआ।
मंगलवार को दिनभर हुई बारिश के बाद रात नौ बजे पानी थमा तो बीसीसीआई ने बुधवार को मैच कराने का फैसला लिया। इसके बाद डॉ. संजय कपूर ने पिच क्यूरेटर शिवकुमार और मोहाली से आये पिच क्यूरेटर राकेश कुमार के साथ सभी ग्राउंड्स मैन से वार्ता की और रात 10.30 बजे से कवर्स पर जमा पानी निकालने का काम शुरू हुआ। तीन घंटे तक लगातार पानी हटाया गया।
इसके बाद सुपरसॉपर से मैदान सुखाया गया और उसे दोबारा ढक दिया गया। बुधवार की सुबह पांच से 7:30 बजे तक एक बार फिर तेज बारिश हुई लेकिन इसके बाद आसमान साफ हो गया। मौके का फायदा उठाते हुए ग्राउंड्स मैन ने फिर से मोर्चा संभाला। सुबह नौ बजे जब मैच रेफरी कर्नल संजय वर्मा ने निरीक्षण किया तो मैदान खेलने लायक पाया और दोपहर 1.30 बजे मैच कराने का फैसला हो गया।