यूपी के कानपुर में ठंड बढ़ने से हार्ट अटैक से तीन रोगियों की मौत हो गई। इसके साथ ही 55 रोगियों की एंजाइना का दर्द उठा। एंजाइना दर्द हार्ट की बीमारी का लक्षण है। खून का थक्का जमने से छह रोगियों को ब्रेन अटैक पड़ गया।
अस्थमा और सांस की एलर्जी के रोगियों की तबीयत बिगड़ गई। डॉ. मुरारीलाल चेस्ट हॉस्पिटल का आईसीयू फुल हो गया है। हैलट ओपीडी में सांस फूलने और गले के संक्रमण के रोगियों की भरमार रही।
कार्डियोलॉजी में शाम सात बजे तक 55 रोगी हार्ट अटैक के लक्षण के साथ आए। इन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया गया। आजादनगर, आर्यनगर और बर्रा से आए तीन रोगियों ने कार्डियोलॉजी पहुंचने के पहले ही दम तोड़ दिया था। इनके परिजनों ने बताया कि रोगियों की तबीयत अचानक बिगड़ी और सीने में दर्द उठा। इसके बाद अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मौत हो गई। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. रिचा गिरि ने बताया कि शाम तक ब्रेन अटैक के छह रोगी भर्ती किए गए।
डॉ. मुरारीलाल चेस्ट हॉस्पिटल के विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि आईसीयू फुल है। इसके अलावा ओपीडी में आने वाले मरीजों की तबीयत बिगड़ रही है। उनकी दवाएं बढ़ाई गई हैं। बालरोग अस्पताल में रोगियों की संख्या बढ़ी है।
सीने की जकड़न, सांस फूलने के लक्षण लेकर बच्चे अस्पताल आ रहे हैं। बालरोग इमरजेंसी के भी बेड भर गए हैं। इसके अलावा दवा लेने के बाद भी रोगियों का ब्लड प्रेशर अनियंत्रित हो रहा है।