Kanpur: लगातार बारिश से ढह गए मकान, ढाबा संचालक समेत दो की मौत, आधा दर्जन लोग घायल
कानपुर में रविवार से हो रही बारिश अब तक जारी है, जिससे जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई जगह जर्जर मकान गिरने के हादसे हुए हैं। इन हादसों में दो की मौत हो गई, जबकि लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में जीटी रोड किनारे बने सागर ढाबे का जर्जर छज्जा रविवार रात बारिश में भरभरा कर गिर गया। इसकी चपेट में आने से चकेरी के दहेली सुजानपुर निवासी ढाबा मालिक जुल्फिकार आलम (45) की मौत हो गई। वे अपने कर्मचारियों के साथ छज्जे के नीचे लेटे थे। तभी छज्जे में लगा टीनशेड का एंगल उनके सिर पर जा गिरा।
हालांकि कर्मचारियों राजू और सुनील बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंचे मंधना चौकी इंचार्ज देवीशरण शरण सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पति की मौत से पत्नी पिंकी बदहवास है। वहीं दूसरी ओर केस्को ऑफिस के सामने स्थित मैरी ए मेरीमन स्कूल की दीवार ढहने से मूलरूप से बांदा निवासी बृजभूषण सिंह (35) की मौत हो गई। वे स्कूल के पास किराये के कमरे में रहकर स्कूल के किनारे ठेला लगाते थे।
सोमवार सुबह ठेले को बारिश से बचाने के लिए स्कूल की बाउंड्री पर चढ़कर पॉलिथीन की तिरपाल बांध रहे थे। तभी दीवार ढह गई, जिससे मलबे में दबकर उनकी मौत हो गई। कोतवाली थाना प्रभारी शरदेंदू पांडेय ने बताया कि परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव लेकर चले गए।
तेज बारिश में दो मकानों की छत ढही, बुजुर्ग घायल
वहीं, बिधनू थाना क्षेत्र के भारू और बाजपुर गांव में देर रात बारिश के दौरान दो कच्चे मकानों की छत भरभरा कर गिर गई। बाजपुर में हुए हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग तुलसीराम यादव घायल हो गए।
उनकी दो बकरियों की भी मौत हो गई। इधर भारू गांव में किसान महेंद्र सिंह के मकान की छत गिरी है। दोनों घरों की गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। बिधनू थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।