चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर बोलेरो कार से टकराई बाइक, धू-धूकर जली बाइक, दो की मौत
झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाइक धू-धूकर जल गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
विस्तार
चित्रकूट जिले में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना अंतर्गत देउंधा मोड़ पर दो वाहनों की जोरदार भिड़त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार महिला और एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक भी धू-धूकर जल गई। घटना से हाईवे पर एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को किसी तरह सड़क किनारे लगवा दिया। दोनों मृतकों की पहचान होना बाकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार की रात को हाईवे पर रैपुरा थाना अंतर्गत देउंधा मोड के पास प्रयागराज व चित्रकूट कर्वी दोनों ओर से बोलेरो व कार जा रही थी।
देउंधा मोड पर सामने से तेज रफ्तार से आई बाइक की पहले बोलेरो से टक्कर हुई। इसके बाद वह कार की चपेट में आ गई। इससे बाइक सवार महिला और पुरूष छिटककर सड़क पर गिर गए। बाइक भी सड़क पर काफी दूर तक घसीटते हुई गई और आग लग गई।
कुछ ही देर में बाइक धू-धूकर जलने लगी। इससे आसपास सैकड़ों लेागों की भीड़ जमा हो गई। हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही रैपुरा थाना प्रभारी शैलेंद्र चंद्र पांडेय फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिस ने जलती बाइक की आग बुझवाने का प्रयास किया।
पुलिस ने बाइक हटाकर यातायात शुरू कराया
बाइक को सड़क किनारे लगवाकर मार्ग संचालन कराया। इसी बीच सड़क पर पड़े दोनों को एम्बुलेंस से रामनगर सीएचसी पहुंचाया गया। दोनों की मौत हो चुकी थी, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
शिनाख्त में जुटी पुलिस
कुछ लोगों ने दोनों के बांधी गांव के नट के डेरा के निवासी बताया है। बांधी प्रधान प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है। अभी तक गांव के लोग नहीं लग रहे हैं। नट के डेरा में भी फोटो लेकर पुलिस टीम शिनाख्त कराने पहुंची है।