अंधविश्वास में खौफनाक हत्या: तंत्र क्रिया में चली गई महिला की जान, तांत्रिक गले पर खड़ा हुआ...यातनाएं भी दीं
Etawah Murder: 24 घंटे बीत जाने के बाद जब परिजनों को इस बात का अहसास हुआ कि उनकी बेटी जिंदा नहीं है। तब जाकर उन्होंने पुलिस से इस मामले की शिकायत की।
विस्तार
इटावा जिले में तंत्र क्रिया करने के चलते एक महिला की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मानसिक रूप से बीमार महिला को तांत्रिक ने उसको ठीक करने के एवज में शारीरिक यातनाएं देकर मौत के घाट उतार दिया। तंत्र क्रिया के दौरान तांत्रिक ने महिला के गले पर खड़े होकर क्रिया की।
साथ ही पानी के पाइप से यातनाएं भी दीं। इस दौरान महिला की बीते शनिवार को मौत हो गई। इसके बावजूद तांत्रिक ने महिला को सात दिवस में जिंदा करने का पीड़ित परिजनो से दावा किया था। महिला के जिंदा होने के आस में 24 घंटे तक परिवार लाश को रखकर आराम करता रहा।
बीते रविवार की शाम जब महिला के शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तब जाकर परिजनों में पुलिस को महिला की मौत की सूचना दी। घटना की जानकारी पर नायब तहसीलदार और पुराना शहर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। महिला के शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तांत्रिक क्रियाओं के चलते बेटी की मौत हो गई
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र पुराना शहर चौकी के पथवारिया मोहल्ले में प्रिया सक्सेना (40) पुत्री सुरेश सक्सेना की तंत्र साधना के दौरान मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों कि ओर से ऐसा कहा जा रहा है कि तांत्रिक क्रियाओं के चलते उनकी बेटी की मौत हो गई है।
घर में भूत-प्रेत का साया होने की बात बताई
मृतक प्रिया सक्सेना दिमागी रूप से कुछ समय से बीमार चल रही थी। तभी उनके संपर्क में एक तांत्रिक आया और प्रिया को सही करने का दावा किया। तांत्रिक द्वारा महिला और उनके घर में भूत-प्रेत का साया होने की बात बताई थी। नवरात्र के समय हवन पूजन और तंत्र साधना करने को कहा।
तांत्रिक ने प्रिया की गर्दन पर खड़े होकर क्रिया को अंजाम दिया
इसके बाद बीते शनिवार को तांत्रिक ने घर में पहले हवन पूजन किया। उसके बाद महिला का भूत भगाने के लिए उनकी बेटी को शारीरिक यात्राएं दी गई। इस दौरान तांत्रिक ने प्रिया की गर्दन पर खड़े होकर तंत्र क्रिया को अंजाम दिया। साथ ही पानी के पाइप से उसके शरीर पर यातनाएं दीं।
सात दिन में ठीक होने की बात कहकर फरार
इसके बाद से प्रिया होश में नहीं आई, लेकिन तांत्रिक ने परिजनों को भरोसा दिया कि उनकी बेटी सात दिवस में पूरी तरीके से ठीक हो जाएगी। रविवार सुबह प्रिया को जब होश नहीं आया, तो उनके परिजनों ने तांत्रिक को पुनः बुलाया, तो तांत्रिक ने मृतक प्रिया को सात दिन में ठीक होने की बात कहकर फरार हो गया।
अहसास हुआ कि उनकी बेटी जिंदा नहीं है
24 घंटे बीत जाने के बाद जब परिजनों को इस बात का अहसास हुआ कि उनकी बेटी जिंदा नहीं है। तब जाकर उन्होंने पुलिस से इस मामले की शिकायत की। इस सनसनीखेज घटना जानकारी पर पुराना शहर चौकी इंचार्ज संजय दुबे, टीटी चौकी इंचार्ज, नायब तहसीलदार, फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर जांच पड़ताल करने पहुंचे।