Hardoi Accident: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत और पत्नी समेत तीन घायल, जांच में जुटी पुलिस
Hardoi News: माधौगंज में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सहित तीन लोग घायल हैं। पुलिस अज्ञात बाइक सवारों की तलाश कर रही है।
विस्तार
हरदोई जिले में माधौगंज थाना क्षेत्र के गोपालिया मोड़ के पास गुरुवार शाम मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हसनपुर ज्योली निवासी शिवम (25) पुत्र रामगोपाल अपनी पत्नी निधि (24) के साथ मोटरसाइकिल से माधौगंज से घर वापस जा रहे थे।
वहीं, साथ में परचल रसूलपुर निवासी रानी (28) पत्नी सुशील और निहाल (7) पुत्र सुशील भी मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान मुनौरापुर की तरफ से एक तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने सामने से टक्कर मार दी। अज्ञात बाइक सवार मोटर साइकिल छोड़ भाग गए। हादसे में शिवम, निधि, रानी और निहाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हरदोई ले जाते समय शिवम की हुई मौत
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद शिवम और निधि की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया। हरदोई ले जाते समय शिवम की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर पुलिस ने मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता रामगोपाल के अनुसार उसका पुत्र माधोगंज गया था। वहां से बुआ के घर परचल गया था। वापस आते समय घटना हो गई। मृतक दो भाई में बड़ा था। एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।