Hardoi: ससुर ने अपनी लाइसेंसी राइफल से बहू को मौत के घाट उतारा, वजह जानकर पुलिस भी हैरान
यूपी के हरदोई जिले में बहू की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विस्तार
हरदोई जिले में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर में बहन से बहस होते समय बहू के टोकने से नाराज ससुर ने अपनी लाइसेंसी राइफल से बहू को गोली मार दी। बहू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने राइफल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव सैदपुर निवासी गफूर (90) की बहन तस्मिना पिछले सप्ताह बुधवार को मायके आई थी। मंगलवार की सुबह गफूर की किसी बात को लेकर अपनी बहन से बहस होने लगी। इससे नाराज गफूर बहन को घर से भागने लगा। यह देख उसकी बहू सुलेमा (57) पत्नी इरशाद अहमद ने उसे टोक दिया। बहू के टोकने से आग बबूला हुए ससुर ने अपनी लाइसेंसी राइफल से उसे गोली मार दी। गोली सुलेमा के बाएं कंधे में लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई।
यह देख तस्मिना चीखने-चिल्लाने लगी, उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी बाग की रखवाली कर रहे मृतका के पति इरशाद को दी। पति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसपी राजेश द्विवेदी व सीओ हरपालपुर अशोक त्रिपाठी घटना की सूचना पर गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके से राइफल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसओ ओपी सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।