Hardoi Accident: अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, एक वृद्ध की मौत…अन्य पांच घायल, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Hardoi News: राघौपुर-मल्लावां रोड पर अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
हरदोई जिले के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में राजस्थान के सीकर जिले में बेटे को छोड़कर वापस आ रहे प्रधानपति की कार राघौपुर-मल्लावां रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें कार सवार एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सुमेरपुर के मजरा महनेपुर निवासी प्रधानपति नरेंद्र (40) पुत्र चिरंजूलाल का बेटा विवेक कुमार राजस्थान के सीकर जिले में रहकर पढ़ाई करता है। दीपवाली के पर्व पर वह घर आया था। सोमवार को नरेंद्र बेटे को कार से छोड़ने गए थे। साथ में, उनका 12 वर्षीय बेटा अमित व गांव के रहने वाले कुन्हालाल (60) पुत्र भगवानदीन, कल्याणसिंह (25) पुत्र शिवलाल, रामचंद्र (50) पुत्र हेतराम, छेदीलाल (25) पुत्र रामपाल भी गए थे।
बेटे को छोड़ने के बाद यह लोग खाटूश्याम के दर्शन कर घर वापस आ रहे थे। कार को नरेंद्र चला रहे थे। राघौपुर-मल्लावां रोड पर शुक्लापुर गांव के करीब रात करीब ढाई बजे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इसमें कुन्हालाल की मौत हो गई, जबकि अन्य कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां से नरेंद्र, उनके बेटे अमित व रामचंद्र को लखनऊ रेफर किया गया है। कल्याणसिंह व छेदीलाल को हरदोई रेफर किया गया है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों मे कोहराम मच गया। मृतक के तीन बेटी व दो बेटे है। वह खेती किसानी करते थे। एसएसआई नवीन कुमार द्विवेदी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।