Hamirpur: दरोगा को गोली मारने वाला बदमाश शंभू मुठभेड़ में गिरफ्तार, आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली, भर्ती
हमीरपुर जिले में दबिश देने गई पुलिस टीम पर फायर करने वाले बदमाश को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में कुरारा थानाक्षेत्र के गांव पतारा में दबिश देने गए दरोगा को गोली मारने वाले बदमाश शंभू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पैरों में गोली लगने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, घायल दरोगा का कानपुर में इलाज चल रहा है।
करीब एक सप्ताह पूर्व पतारा गांव निवासी शंभू कुशवाहा का तमंचा लहराते गाली गलौज करने का वीडियो वायरल हुआ था। गांव के एक व्यक्ति ने उसके खिलाफ मारपीट की शिकायत भी दी थी। रविवार देर शाम पतारा गांव में मौजूद सिपाही अभिषेक राजपूत व प्रताप कुमार ने चौकी इंचार्ज पतारा सुरेंद्र यादव को फोन कर वीडियो के बारे में बताते हुए गांव बुलाया। चौकी इंचार्ज तीन हमराहियों के साथ रात करीब आठ बजे शंभू कुशवाहा के घर के पास पहुंचे और आसपास पता करने लगे। तभी पहले से झाड़ियों में छिपे शंभू ने चौकी इंचार्ज के ऊपर गोली चला दी। गोली उनके बाएं बाजू में लगी। इसके बाद शंभू फरार हो गया। सिपाही शिवम यादव की तहरीर पर कुरारा थाने में शंभू के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी को टीमें बनाकर ऑपरेशन कॉबिंग चलाया गया। सोमवार अलसुबह तीन बजे आरोपी शंभू को पतारा-नैठी रोड के बगल के जंगल से मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। आरोपी ने भी पुलिस पर फायरिंग की। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, चार खोखे व पांच कारतूस बरामद हुए। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुन: हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कुरारा थानाध्यक्ष पवन पटेल, सदर कोतवाल दुर्ग विजय सिंह व एसओजी प्रभारी सुरेश सैनी शामिल रहे।
एसपी ने बताया कि शंभू कुशवाहा के खिलाफ कुरारा, ललपुरा व जलालपुर थाने में कुल 11 मुकदमे दर्ज है। इनमें गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट के साथ जानलेवा हमला करने व आबकारी अधिनियम के मामले शामिल हैं।
दरोगा की बाजू में फंसी गोली निकाली
एसपी ने बताया कि घायल दरोगा को कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बाजू में फंसी गोली ऑपरेशन कर निकाल दी गई है। उनकी हालत में सुधार है।